इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक विशेष कंपार्टमेंटल परीक्षाएं दो मई से प्रारंभ       इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 से 11 मई एवं मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 से 6 मई तक

इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक विशेष कंपार्टमेंटल परीक्षाएं दो मई से प्रारंभ

इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 से 11 मई एवं मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 से 6 मई तक

 

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक विशेष और कम्पार्टमेंटल परीक्षाएं 2 मई से रोहतास जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभ होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में संचालित की जाएंगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन रोहतास ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

वही जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास परीक्षा को लेकर संयुक्त रूप से सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय द्वारा दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई। जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि इंटर विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा के लिए जिले में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें शेरशाह सूरी इंटर स्कूल सासाराम,श्री शंकर हाई स्कूल तकिया सासाराम एवं प्लस टू हाई स्कूल चैखंडी पथ शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 1969 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं मैट्रिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा के लिए पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें सीनियर सेकेंड्री स्कूल प्लस टू रामेश्वरगंज सासाराम,संत शिवानंद अकादमी प्लस टू स्कूल सासाराम,रमा जैन गर्ल्स हाई स्कूल सासाराम,श्री दुर्गा हाई स्कूल शिवसागर तथा अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल बलाढी़ शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 2201 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2 मई से 11 मई तक आयोजित होगी, जबकि मैट्रिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2 मई से 6 मई तक चलेगी। दोनों ही परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से एवं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होगी। वही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले (पूर्व)परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। क्योंकि मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। विलंब से पहुंचने वाले किसी भी परीक्षार्थी को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी देर से पहुंचने के बाद जबरन प्रवेश करने या दीवार फांदकर अंदर जाने का प्रयास करता है,तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित अभ्यर्थी को दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जा सकता है एवं उसके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही संबंधित केंद्राधीक्षक एवं जिम्मेदार कर्मियों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर कदाचार रोकने के लिए स्मार्ट वॉच,इलेक्ट्रॉनिक घड़ी अथवा मैग्नेटिक घड़ी पहनना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। उन्हें लेखक(राइटर)की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रत्येक घंटे के लिए 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। ताकि वे बिना किसी रूकावट परीक्षा दे सकें। परीक्षा के सुचारू संचालन एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समाहरणालय रोहतास में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। परीक्षार्थी अथवा उनके अभिभावक किसी भी प्रकार की समस्या होने पर 06184-226072 एवं 06184-226093 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी के रूप में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी शरत कुमार मंडल को नामित किया गया है। जिनका मोबाइल नंबर 9572635258 है।

 

जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील किया है कि वे समय का विशेष ध्यान रखें। और परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दें। जिससे विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button