कटिहार में मेडिकल हॉल की आड़ में नशे का कारोबार प्रतिबंधित दवाओं की खुलेआम बिक्री, का आरोप, कार्रवाई का इंतजार
कटिहार में मेडिकल हॉल की आड़ में नशे का कारोबार
प्रतिबंधित दवाओं की खुलेआम बिक्री, का आरोप, कार्रवाई का इंतजार

जे टी न्यूज़, कटिहार : शहर में कुछ मेडिकल हॉलों पर प्रतिबंधित नारकोटिक्स दवाओं की कथित बिक्री का मामला चर्चा में है। गर्ल्स स्कूल रोड स्थित आशा राज मेडिकल हॉल के खिलाफ स्वास्थ्य मंत्री, नारकोटिक्स ब्यूरो, जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन और पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री डाक से शिकायत भेजे जाने का दावा किया गया है। आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में नशे का कारोबार जारी है, जिससे युवाओं के भविष्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
बिहार के कटिहार शहर में मेडिकल हॉल की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की कथित बिक्री का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। गर्ल्स स्कूल रोड स्थित आशा राज मेडिकल हॉल पर आरोप है कि यहां लाइसेंस की आड़ में नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं खुलेआम बेची जा रही हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस संबंध में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री, नारकोटिक्स ब्यूरो पटना, कटिहार के जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन तथा पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से आवेदन भेजा गया है। बावजूद इसके अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री से कुछ दुकानदार अवैध मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता जा रहा है। यह मेडिकल हॉल एक गर्ल्स स्कूल के समीप स्थित होने के कारण अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का विषय बना हुआ है।
सूत्रों का यह भी आरोप है कि जिले में कई मेडिकल हॉल दूसरे फार्मासिस्ट के लाइसेंस के आधार पर संचालित हो रहे हैं। यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने के साथ अपराध में भी इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और नारकोटिक्स से जुड़ी एजेंसियां शिकायतों की जांच कर क्या कार्रवाई करती हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। और बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन से ऐसी दवाई ना दी जाए।

