प्रेम विवाह से नाराज पिता ने जीवित बेटी का किया पिंडदान, वीडियो वायरल
कटिहार में अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार में नाराजगी; पिता और भाई ने श्राद्धकर्म कर बेटी से रिश्ता तोड़ने का किया ऐलान
प्रेम विवाह से नाराज पिता ने जीवित बेटी का किया पिंडदान, वीडियो वायरल
कटिहार में अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार में नाराजगी; पिता और भाई ने श्राद्धकर्म कर बेटी से रिश्ता तोड़ने का किया ऐलान
जे टी न्यूज,
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अपनी पसंद से शादी करने वाली बेटी से नाराज पिता ने उसका जीवित रहते ही श्राद्धकर्म और पिंडदान कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।
मामला कदवा थाना क्षेत्र की कंटिया पंचायत के निझरा गांव का बताया जा रहा है। स्थानीय जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्याम ठाकुर की पुत्री सैजल कुमारी ने 23 अक्टूबर 2026 को पहलागढ़ पंचायत की मुखिया सरिता देवी के पुत्र अजय पासवान के साथ प्रेम विवाह किया। बताया जाता है कि अजय मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना पासवान के पुत्र हैं।
जानकारी के अनुसार, सैजल और अजय के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद अपनी मर्जी से विवाह करने का फैसला किया। बताया जाता है कि कोर्ट मैरिज के बाद दोनों ने विवाह से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
बेटी के विवाह से आहत पिता श्याम ठाकुर ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार उसका श्राद्धकर्म और पिंडदान कर दिया। वायरल वीडियो में पिता अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बेटी से सभी संबंध समाप्त करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों की ओर से भी बेटी के फैसले पर गहरी नाराजगी जताई गई है।




