सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत अपर समाहर्ता ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत अपर समाहर्ता ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

जे टी न्यूज,मधुबनी

जिलाधिकारी, आनंद शर्मा द्वारा दिए गए निदेश के आलोक में समाहरणालय परिसर में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’’ कार्यक्रम के तहत अपर समाहर्ता, राजेश कुमार ने आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।*उत्क्रमित मध्य विद्यालय ओलीपुर प्रखंड झंझारपुर के विशिष्ट शिक्षक विकास कुमार ने प्रधानाध्यापक द्वारा रूटीन से अधिक क्लास लेने का दबाव बनाने और मानसिक परेशान करने के संबंध में शिकायत किया। वही अमला देवी प्रखंड कलुआही निवासी के द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षक पति की वर्षों से लंबित बकाया अंतर राशि के भुगतान के संबंध में शिकायत किया। प्रखंड अंधराठाढ़ी निवासी सौरभ कुमार मेहता ने पीएचसी के चिकित्सक द्वारा ड्यूटी रोस्टर का पालन न करने एवं निजी नर्सिंग होम चलाने को लेकर शिकायत किया। परिवादी बिनोद कुमार चौधरी प्रखंड राजनगर निवासी के द्वारा समिति का निर्णय होने के बाद भी निजी भूमि को रोक सूची से मुक्त न करने के संबंध में शिकायत किया। प्रखंड रहिका निवासी सविता देवी ने उद्योग विभाग द्वारा पीएमईजीपी (PMEGP) लोन में अनुदान एडजेस्टमेंट निर्गत न करने को लेकर आवेदन दिया। राजकुमार सिंह प्रखंड बाबूबरही निवासी के द्वारा ग्राम बरैल में सार्वजनिक भूमि पर किए गए गैर-कानूनी अतिक्रमण को खाली कराने के संबंध में शिकायत किया। ग्राम मलमल प्रखंड कलुआही निवासी अगम लाल यादव ने 45 वर्षों से दखल-कब्जा वाली गैर-मजरुआ जमीन का बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित होकर जिले भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए। उल्लेखनीय है कि सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जन-हितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना है।

अपर समाहर्ता ने इस अवसर पर कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवा प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाता है। यह पूरी तरह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित अवधि में निष्पादन किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान हेतु RTMS “सहयोग” पोर्टल पर घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करें। ऑनलाइन आवेदन हेतु दिये गये लिंक पर जाये https://sahyog.bihar.gov.in साथ ही विद्यार्थियों के लिए महीने के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का भी आयोजन किया जाता है। बैठक में अधिकारियों को विद्यालयों एवं छात्रावासों में शिविर के आयोजन, विद्यार्थियों की सहभागिता, शिकायतों के संधारण एवं उनके अनुश्रवण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है। विद्यार्थी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए सहयोग पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button