राखी की डोर ने खाकी से जोड़ा रिश्ता, पुलिसकर्मियों की कलाई पर सजी बहनों की राखी

श्री साईं इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने करगहर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों को बांधी राखी,दिया सुरक्षा और सम्मान का संदेश

राखी की डोर ने खाकी से जोड़ा रिश्ता, पुलिसकर्मियों की कलाई पर सजी बहनों की राखी

श्री साईं इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने करगहर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों को बांधी राखी,दिया सुरक्षा और सम्मान का संदेश

जे टी न्यूज,
करगहर (रोहतास) रक्षाबंधन के पावन अवसर पर करगहर में भाई-बहन के रिश्ते की मिठास उस समय और गहरी हो गई,जब श्री साईं इंटरनेशनल स्कूल, करगहर की छात्राएं करगहर थाना पहुंचीं और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें भाई का दर्जा दिया। छात्राओं की इस आत्मीय पहल से थाना परिसर में भावुक और खुशनुमा माहौल बन गया। खाकी वर्दी में दिन-रात जनता की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मी अक्सर अपने परिवार से दूर रहकर त्योहारों पर भी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में विद्यालय की छात्राओं ने उनके साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें बहनों के स्नेह और अपनत्व का एहसास कराया। छात्राओं ने राखी बांधकर पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार भी व्यक्त किया। विद्यालय की ओर से यह अनूठा आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान देना ही शिक्षा नहीं है,बल्कि उनमें संस्कार, संवेदनशीलता,सामाजिक जिम्मेदारी और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना पैदा करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इस अवसर पर करगहर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष संजीव कुमार और एस आई अजित कुमार सिंह ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा,विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने,जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की सजगता और प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक कुंदन पांडेय,प्राचार्या आरोही पांडेय, उप-प्राचार्य साकेत सिंह,शिक्षिकाएं स्वीटी उपाध्याय एवं अंजलि कुमारी,ट्रांसपोर्ट इंचार्ज सुनील केशरी सहित विद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं। प्रेस मेंस यूनियन बिहार के सेक्रेटरी एवं मानवाधिकार एसोसिएशन एरिया मीडिया सेक्रेटरी सह पत्रकार एन बाबा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहें।

श्री साईं इंटरनेशनल स्कूल की इस पहल ने रक्षाबंधन को एक नई सामाजिक भावना से जोड़ दिया। राखी की छोटी-सी डोर ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास,सम्मान और अपनत्व का मजबूत रिश्ता कायम करने का संदेश दिया। करगहर में आयोजित यह कार्यक्रम निश्चित रूप से अन्य विद्यालयों और समाज के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

Related Articles

Back to top button