सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत जिलाधिकारी ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत जिलाधिकारी ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

जे टी न्यूज,मधुबनी : जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के अंतर्गत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम के तहत आमजनों से सीधा संवाद किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों एवं परिवादों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम के दौरान मधवापुर प्रखंड निवासी गणेश राय ने केवाला भूमि पर जबरन घर बनाए जाने की शिकायत की। वहीं, बाबूबरही प्रखंड के धमौरा निवासी मोहम्मद सुभान ने सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। मधवापुर प्रखंड के बलवा निवासी ललिता देवी ने दबंगों द्वारा गाली-गलौज करने एवं जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों की गंभीरता से जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जाता है। इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करा सकते हैं, जिनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाता है।

आमजन अपनी शिकायतों के समाधान के लिए RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों एवं छात्रावासों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्राप्त शिकायतों के नियमित अनुश्रवण एवं निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था करने का निर्देश दिया। विद्यार्थी अपनी समस्याएं और शिकायतें सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए सहयोग पोर्टल — sahyog.bihar.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी, संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है। जिला प्रशासन आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक एवं सुगम तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

