स्कूलों में पहुंचीं सासाराम की नई एसडीएम प्रिया रानी बच्चों से संवाद कर परखी शिक्षा की जमीनी हकीकत खेल मैदान में उगी घास देख भड़कीं नहीं, तत्काल सफाई कर रनिंग ट्रैक बनाने का दिया निर्देश
स्कूलों में पहुंचीं सासाराम की नई एसडीएम प्रिया रानी बच्चों से संवाद कर परखी शिक्षा की जमीनी हकीकत
खेल मैदान में उगी घास देख भड़कीं नहीं, तत्काल सफाई कर रनिंग ट्रैक बनाने का दिया निर्देश

जे टी न्यूज़, एन बाबा , करगहर(रोहतास): 2024 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी एवं सासाराम की नई अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी मंगलवार को करगहर प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुविधाओं,खेलकूद के संसाधनों तथा विद्यालय परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम के अचानक विद्यालय पहुंचने से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में भी उत्सुकता देखने को मिली। प्रिया रानी ने करगहर प्रखंड मुख्यालय,नीमडीहरा,सहुआड़,सहित खरारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जमीनी स्थिति की जानकारी ली। जहां कहीं भी विद्यालय अथवा विद्यार्थियों से जुड़ी कमियां सामने आईं,उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
खरारी विद्यालय में बच्चों से सीधा संवाद,जवाब सुनकर गदगद हुईं एसडीएम
करीब दोपहर दो बजे एसडीएम प्रिया रानी खरारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं विद्यालय की अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से कई सवाल पूछे और विद्यार्थियों के जवाब सुने। बच्चों की तत्परता और आत्मविश्वास देखकर एसडीएम काफी प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने छात्राओं से भी बातचीत की तथा विद्यालय में उपलब्ध खेलकूद की सुविधाओं का निरीक्षण किया। बास्केटबॉल की गेंद की स्थिति देखने के साथ उन्होंने बास्केटबॉल के टूटे हुए जाल को बदलवाने/लगवाने की बात कही,जिससे छात्र-छात्राओं को खेलकूद की बेहतर सुविधा मिल सके।
मैदान में बड़ी-बड़ी घास देख साफ-सफाई और रनिंग ट्रैक बनाने का निर्देश
विद्यालय के खेल मैदान का निरीक्षण करने के दौरान एसडीएम की नजर मैदान में उगी बड़ी-बड़ी घास पर पड़ी। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार सिंह को मैदान की तत्काल साफ-सफाई कराने तथा इसे विद्यार्थियों के लिए बेहतर बनाकर रनिंग प्वाइंट/दौड़ अभ्यास स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पिछले कुछ समय से विद्यार्थियों का खेलकूद कम हुआ है, जिसके चलते मैदान में घास काफी बढ़ गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मैदान की शीघ्र साफ-सफाई कराकर उसे खेल एवं रनिंग अभ्यास के योग्य बनाया जाएगा। एसडीएम ने विद्यालय की पीटी शिक्षक जय शंकर कुमार से भी बातचीत कर छात्राओं के खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा की स्थिति के बारे में जानकारी ली

50-60 किलोमीटर दूर से रोज स्कूल आते हैं प्रधानाध्यापक मंसूर आलम
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक मंसूर आलम भी अपने कार्यालय में मौजूद रहें। बताया गया कि वे प्रतिदिन करीब 50-60 किलोमीटर की दूरी तय कर विद्यालय पहुंचते हैं और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हैं। विद्यालय में किसी शिक्षक की अनुपस्थिति की स्थिति में वे स्वयं भी कक्षा लेकर विद्यार्थियों को पढ़ाने का कार्य करते हैं। उनके नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच सक्रिय भूमिका निभाने की बात भी निरीक्षण के दौरान सामने आई। करगहर प्रखंड मुख्यालय के कोने कोने पहुंची जांच की नजर
एसडीएम प्रिया रानी ने करगहर प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यालय का भी जायजा लिया। वही सहुआड़ के प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को विद्यालय जाने की रास्ता है ही नहीं,रास्ते की परेशानी को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद बभनी पंचायत क्षेत्र की ओर भी निरीक्षण किया। स्थानीय स्तर पर विद्यालयों एवं व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
नई SDM के सीधे संवाद से विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
एसडीएम प्रिया रानी के निरीक्षण की खास बात यह रही कि उन्होंने केवल कागजी रिपोर्ट देखने के बजाय विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधे संवाद कर जमीनी हकीकत जानने की कोशिश की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई,खेलकूद, विद्यालय की सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में बातचीत की।
विद्यार्थियों ने भी बेझिझक अपनी बातें उनके सामने रखीं। एसडीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और जहां आवश्यक लगा वहीं संबंधित प्रधानाध्यापक एवं अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान करगहर अंचलाधिकारी पंकज कुमार सिंह एवं कार्यक्रम पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहें।

एसडीएम प्रिया रानी के इस निरीक्षण से यह संदेश भी स्पष्ट दिखाई दिया कि विद्यालयों में केवल उपस्थिति और पठन-पाठन ही नहीं,बल्कि खेल मैदान, छात्राओं की खेल सुविधाएं,विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता और विद्यार्थियों की वास्तविक समस्याएं भी प्रशासन की प्राथमिकता में हैं।



