नुक्कड़ नाटक से ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
समस्तीपुर रेल मंडल में स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने किया जागरूक, इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
नुक्कड़ नाटक से ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
समस्तीपुर रेल मंडल में स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने किया जागरूक, इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: समस्तीपुर रेल मंडल में पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) के समुचित निस्तारण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मंडल कार्यालय परिसर में स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कैडेट्स ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से ई-वेस्ट के दुष्प्रभावों और उसके सुरक्षित प्रबंधन की आवश्यकता को रेखांकित किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि अनुपयोगी मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बैटरी, चार्जर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ नहीं फेंकना चाहिए। इन उपकरणों में मौजूद हानिकारक तत्व मिट्टी, जल और पर्यावरण को प्रदूषित कर सकते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मानव स्वास्थ्य एवं पारिस्थितिकी पर पड़ता है।
कैडेट्स ने लोगों से अपील की कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का निस्तारण अधिकृत केंद्रों के माध्यम से ही करें। साथ ही, उपयोगी उपकरणों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम में समस्तीपुर रेल परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स की प्रस्तुति की सराहना करते हुए जागरूकता संदेश को उपयोगी बताया।

