नीतीश सेतु नामकरण उनके उत्कृष्ट कार्यों के प्रति
नीतीश सेतु नामकरण उनके उत्कृष्ट कार्यों के प्रति सम्मान: बबलू मंडल*

जे टी न्यूज़, खगड़िया : छह लेन पुल को नीतीश कुमार के नाम समर्पित किए जाने पर जदयू नेताओं ने जताया हर्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति प्रकट किया आभार व साधुवाद
कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ किए जाने की घोषणा पर जदयू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। इस ऐतिहासिक निर्णय पर सदर विधायक सह जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल के नेतृत्व में शहर के कचहरी रोड स्थित विधायक कार्यालय के कर्पूरी सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार सरकार एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं साधुवाद दिया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के गौरव, स्वाभिमान और विकास के सच्चे शिल्पकार हैं। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, संघर्ष और जनसेवा के माध्यम से बिहार को नई पहचान दिलाई तथा राज्य के प्रत्येक नागरिक के आत्मसम्मान को नई ऊंचाई प्रदान की। ‘नीतीश सेतु’ नामकरण उनके उत्कृष्ट कार्यों, ऐतिहासिक योगदान और संघर्षमय सार्वजनिक जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह छह लेन पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा। इसके चालू होने से आम लोगों, व्यापारियों एवं मालवाहक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही पटना और उत्तर बिहार के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा विकसित बिहार के निर्माण को नई मजबूती मिलेगी।
विधायक ने कहा कि आगामी 21 नवम्बर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस सेतु का उद्घाटन किया जाना बिहार के लिए गौरवपूर्ण अवसर है।
इस अवसर पर दलित युवा संग्राम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह जिला नागरिक परिषद सदस्य आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति कोटि-कोटि आभार प्रकट किया और हार्दिक बधाई एवं साधुवाद दिया।


