बेगूसराय से एक लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, कई जिलों में वांछित थी विनीता भारती

बेगूसराय से एक लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, कई जिलों में वांछित थी विनीता भारती

जे टी न्यूज,
मुजफ्फरपुर: बिहार पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ और बेगूसराय जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली विनीता भारती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह मुजफ्फरपुर, पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित थी।

गिरफ्तार महिला की पहचान विनीता भारती उर्फ श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना के रूप में हुई है। वह प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन की सक्रिय सदस्य और नॉर्थ जोन की हार्डकोर नक्सली बताई गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने 4 मई 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि विनीता बेगूसराय में छिपी हुई है। इसके बाद मुजफ्फरपुर पुलिस, एसटीएफ की एसओजी-03, अभियान दल-08 और बेगूसराय जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने 22 नवंबर को बछौली गांव स्थित काली मंदिर के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

विनीता मूल रूप से दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम की रहने वाली है। उसका स्थायी पता मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के महुली गांव बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह मृत नक्सली अमरलाल देव उर्फ नकुल की पत्नी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के पारू, सरैया और मीनापुर सहित पांच थानों में आर्म्स एक्ट एवं यूएपीए के तहत मामले दर्ज हैं।

ग्रामीण एसपी मुजफ्फरपुर राजेश सिंह प्रभाकर ने गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस ने गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और संगठन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Back to top button