एनएच-31 पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर, ट्रक में फंसकर खलासी की मौत
समेली के बखरी ई-किसान भवन के सामने हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल चालक कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती
एनएच-31 पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर, ट्रक में फंसकर खलासी की मौत
समेली के बखरी ई-किसान भवन के सामने हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल चालक कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती

जे टी न्यूज,
समेली (कटिहार): कटिहार जिले के समेली प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बखरी ई-किसान भवन के सामने बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवा, टेलर डाला ट्रक और एक अन्य ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। तीन वाहनों की भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में टेलर डाला ट्रक के खलासी की वाहन में फंसकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पोठिया थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त टेलर डाला ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया।
वहीं, ट्रक का खलासी वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह इतनी बुरी तरह फंसा था कि तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। इस दौरान खलासी की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता और शोक का माहौल है। बताया गया कि पोठिया पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के वाहन मालिक को दूरभाष के माध्यम से हादसे की सूचना दे दी है।

फिलहाल मृतक खलासी की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।



