किसान आंदोलन के समझौते लागू नहीं करना अन्नदाताओं के साथ विश्वासघात : सुफल महतो
संयुक्त किसान मोर्चा का राजभवन के समक्ष देशव्यापी किसान महापड़ाव, राष्ट्रपति के नाम 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा
किसान आंदोलन के समझौते लागू नहीं करना अन्नदाताओं के साथ विश्वासघात : सुफल महतो
संयुक्त किसान मोर्चा का राजभवन के समक्ष देशव्यापी किसान महापड़ाव, राष्ट्रपति के नाम 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा

जे टी न्यूज,
रांची :किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा, झारखंड के तत्वावधान में किसान मार्च और महापड़ाव का आयोजन किया गया। किसानों ने शहीद चौक से राजभवन तक मार्च निकाला और राजभवन के समक्ष महापड़ाव किया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम राज्यपाल को 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।
महापड़ाव को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता एवं झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान मोदी सरकार के साथ हुए लिखित समझौते को छह वर्ष बाद भी लागू नहीं करना अन्नदाता किसानों के साथ बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी नहीं होने के कारण किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उनके अनुसार, देश में साढ़े चार लाख किसानों की आत्महत्या चिंता का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को कॉरपोरेट घरानों के हवाले करने पर आमादा है। राज्य में लगभग 40 प्रतिशत खनिज संपदा होने के बावजूद गरीबी, बेरोजगारी, निजीकरण, पलायन और विस्थापन की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड में धान का घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो है, लेकिन किसानों को 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे किसानों को प्रति किलो लगभग 7 रुपये 50 पैसे तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसान महासभा के नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के खान-खनिज और जंगलों को बड़े कॉरपोरेट घरानों के हवाले करना चाहती है। क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन के राज्य अध्यक्ष विमल दास ने कहा कि 13 महीने चले किसान आंदोलन के दबाव में सरकार को तीन कृषि कानून वापस लेने पड़े थे। अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य महासचिव पुष्कर महतो ने हेमंत सोरेन सरकार से जनहित में काम करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर बिरसा मुंडा के रास्ते संघर्ष तेज किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट चोरी के मुद्दे पर आवाज उठाने की जरूरत बताई। किसान महासभा के नेता पूरन महतो ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा संघर्ष के जरिए ही की जा सकती है। अन्य वक्ताओं ने भी किसानों, मजदूरों और आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा का आह्वान किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई।
महापड़ाव में एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार के साथ हुए लिखित समझौते को लागू करने, जल-जंगल-जमीन एवं खनिज पर कॉरपोरेट कब्जा रोकने, कृषि भूमि अधिग्रहण बंद करने, भूमि बैंक रद्द करने, विस्थापन आयोग गठित करने तथा महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण, पलायन और विस्थापन पर रोक लगाने की मांग की गई।
इस दौरान ‘खेत हमारा, फसल हमारी, दाम तुम्हारा नहीं चलेगा’ सहित कई नारों से सभा स्थल गूंजता रहा। महापड़ाव की अध्यक्षता बी.एन. सिंह और सुफल महतो ने की। कार्यक्रम में कुमुद महतो, असीम सरकार, के.डी. सिंह, अशोक पाल, दिवाकर महतो, विश्वनाथ बनर्जी, प्रफुल्ल लिंडा, रामलाल महतो, विदेशी महतो, मधुवा कच्छप, मिटू पासवान, छात्र नेता संजना मेहता, मोहम्मद फराज, एतेशाम, बीना लिंडा, रंगोवती देवी, बिरेंद्र कुमार, तृलोक, जुलियस, कनहाई, रिया, हारित, प्रभु साव, पंचानन महतो और कथन लकड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं समर्थक उपस्थित थे।
