जम्मू में बीएसएफ जवान देवानंद मांझी की गोली लगने से मौत, गांव में शोक की लहर
जम्मू में बीएसएफ जवान देवानंद मांझी की गोली लगने से मौत, गांव में शोक की लहर
जे टी न्यूज,
सारण/भेल्दी: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटसां गांव में उस समय मातम पसर गया, जब गांव के लाल और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान देवानंद मांझी की जम्मू में गोली लगने से मौत की खबर पहुंची। घटना 23 नवंबर की बताई जा रही है। जवान की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान कटसां गांव निवासी कामेश्वर मांझी के 23 वर्षीय पुत्र देवानंद मांझी के रूप में हुई है। महज 23 वर्ष की उम्र में देश की सेवा करते हुए जवान की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बेटे के देश सेवा में जाने पर गर्व और खुशी का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।
जवान की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सुरेंद्र राम और राजद नेत्री रोहिणी आचार्य कटसां गांव पहुंचे। दोनों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही, हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस दुखद घटना से गांव के लोग मर्माहत हैं। ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
