महिला सशक्तीकरण और आत्मविश्वास संवर्धन पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित

संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में महिला विकास समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन, प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनने के लिए किया प्रेरित

महिला सशक्तीकरण और आत्मविश्वास संवर्धन पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित

संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में महिला विकास समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन, प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनने के लिए किया प्रेरित

जे टी न्यूज,
बिरसिंहपुर: ऑटोनोमस एवं नैक से बी प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बिरसिंहपुर में महिला विकास समिति के तत्वावधान में महिला अभिमुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला विकास समिति की समन्वयक, प्राचार्या एवं समिति के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता द्विवेदी ने प्रभावशाली ढंग से किया। स्वागत संबोधन में प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण एक समावेशी, संवेदनशील और प्रगतिशील समाज के निर्माण की अनिवार्य आवश्यकता है। महिलाओं की शिक्षा, आत्मसम्मान, निर्णय लेने की क्षमता और समान अवसर सामाजिक विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

महिला विकास समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए श्रीमती नीतू कुमारी ने कहा कि समिति महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए कार्य करती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, समस्याओं के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वासपूर्ण व्यक्तित्व विकसित करने के अनुकूल अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रेरक संबोधन में डॉ. अर्पणा कुमारी ने आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प, आत्मसम्मान और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को जीवन की चुनौतियों का साहस और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा महिलाओं के सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम है। यह उन्हें स्वतंत्र चिंतन, विवेकपूर्ण निर्णय और सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय भूमिका निभाने की क्षमता प्रदान करती है।

अंत में महिला विकास समिति की समन्वयक डॉ. प्रतिभा राय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्राचार्या, वक्ताओं, समिति के सदस्यों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास, समान अवसर और जागरूकता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button