मैं मंत्री नहीं होता तो आज डाइवर्सिटी पार्क की बात नहीं होती – रामनाथ ठाकुर जेटी न्यूज।
मैं मंत्री नहीं होता तो आज डाइवर्सिटी पार्क की बात नहीं होती – रामनाथ ठाकुर
जेटी न्यूज।

समस्तीपुर। पूसा स्थित डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का पूर्ण रूपेण भाजपा करण हो चुका है। जदयू के एनडीए में शामिल होने और देशरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के सुपुत्र रामनाथ ठाकुर के केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री बनते ही वे समस्तीपुर के लाल हो गये। शुक्रवार को डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थित विद्यापति सभागार में श्री ठाकुर केलिये आयोजित सम्मान समारोह में कुलपति डाॅ पीएस पाण्डेय ने उन्हें समस्तीपुर का लाल कहा और विश्वविद्यालय में भेटनरी हाॅस्पीटल और कृषि महाविद्यालय की जरूरत बताई। इसके पुर्व कुलपति ने श्री ठाकुर से दिल्ली में मुलाकात भी की थी। सम्मान समारोह के दौरान केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री इशारों इशारों में तंज कसने से भी नहीं चूके। उन्होंने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और उत्तरोत्तर प्रगति केलिये सराहना और प्रशंसा करने के दौरान कहा कि मैं आज मंत्री नहीं होता तो डाइवर्सिटी पार्क का यहां जिक्र नहीं होता। बताते चलें की कुछ माह पुर्व तक रामनाथ ठाकुर राज्यसभा में संसदीय दल के नेता हुआ करते थे, तब विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों में निमंत्रण तो दूर सूचना भी नहीं जाती थी। कभी बुलाया भी जाता था तो खास तवज्जो नहीं दी जाती थी। तब भी श्री ठाकुर समस्तीपुर पुर के लाल ही थे। उनके शब्दों में बीते दिनों का दर्द साफ झलक रहा था।


