लॉकडाउन में कानून की उड़ी धज्जियां, थाने के पास युवक को दिनदहाड़े मारी गोली
लॉकडाउन में कानून की उड़ी धज्जियां, थाने के पास युवक को दिनदहाड़े मारी गोली
घर से बुलाकर मारी गोली
मामले की जांच में जुटी पुलिस
गौतम सुमन गर्जना
भागलपुर : एक तरफ जहां पूरे देश में लॉकडाऊन है और लोग कोरोना वायरस से बचने के लिए अपने घरों में हैं वहीं दूसरी ओर भागलपुर में अपराधियों के हौंसले ऐसी परिस्थिति में बुलंद हो रहे हैं। गौरतलब हो कि जिला के सुल्तानगंज मुख्य बाजार स्थित सब्जी मार्केट में अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए थाना से महज कुछ ही दूरी पर गोलीबारी की और 33 साल के युवक प्रवीण कुमार को गोली मार दी।
गोली लगने से वो बुरी तरह घायल हो गया है। गोली उसके सीने के पास लगी है। परिजनों ने आनन-फानन में सबसे पहले घायल युवक को सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने गंभीर अवस्था देखते हुए प्राथमिक उपचार कर युवक को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घायल के परिजनों ने बताया कि घर से बुला कर युवक को गोली मारी गयी है। बदमाशों ने दो फायर किया था, जिसमें से एक गोली प्रवीण को लगी जबकि दूसरी गोली मिस हो गई। बदमाशों के भागने के क्रम में भी फायरिंग करने की बात कही जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही सुल्तानगंज थानेदार इंस्पेक्टर रामप्रीत कुमार घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस इंसपेक्टर ने अस्पताल जाकर घायल से भी बात की
और मामले की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन में जुट गयी है। प्रथमदृष्टया पुराने और आपसी विवाद में गोली चलाये जाने की बात कही जा रही है ।
