बीएमए काॅलेज, बहेड़ी में स्नातक स्तर पर विज्ञान और वाणिज्य की पढ़ाई प्रारंभ
बीएमए काॅलेज, बहेड़ी में स्नातक स्तर पर विज्ञान और वाणिज्य की पढ़ाई प्रारंभ

जे टी न्यूज, दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की अंगीभूत इकाई बिलट महथा आदर्श महाविद्यालय, बहेड़ी में स्नातक स्तर पर विज्ञान एवं वाणिज्य की पढ़ाई प्रारंभ होने पर रविवार को बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के प्रति आभार एवं धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी एवं कुलसचिव डॉ अजय कुमार पंडित, महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय के प्रधानाचार्य डॉ रहमतुल्लाह एवं उदयनाचार्य रोसड़ा महाविद्यालय, रोसड़ा के प्रधानाचार्य डॉ घनश्याम राय भी उपस्थित थे।
स्थानीय विधायक डॉ विनय कुमार चौधरी के व्यक्तिगत एवं अथक प्रयास से 1970 में स्थापित एवं 1980 में अंगीभूत होने के बावजूद इतने वर्षों के बाद विज्ञान एवं वाणिज्य की पढ़ाई प्रारंभ हुई।

यूआर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ घनश्याम राय का बहेड़ी बाजार में पैतृक आवास है। 2 मार्च को उनकी माता की प्रथम पुण्यतिथि थी। शिष्टाचार के नाते वे रविवार यानि छुट्टी के दिन कार्यक्रम में शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि जब डॉ राय नालंदा खुला विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार थे, तब उन्होंने बीएमए कॉलेज, बहेड़ी में नालंदा खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र स्थापित किया था, ताकि स्नातक छात्र-छात्राएं स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रम की डिग्री प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर आयोजकों द्वारा अन्य गणमान्य लोगों के साथ डॉ राय को पगड़ी और चादर से सम्मानित किया गया।
