जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर शिक्षक, शिक्षिका, जिला के नागरिक एवं अन्य कर्मियों को किया सम्मानित
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर शिक्षक, शिक्षिका, जिला के नागरिक एवं अन्य कर्मियों को किया सम्मानित 
जे टी न्यूज, मधुबनी.
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा*श ने अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, शिक्षिका, प्रधानाध्यापक, आंगनबाड़ी सेविका तथा गुड सेमिरिटन को सम्मानित किया।
शिक्षिका प्रियंका कुमारी को उत्कृष्ट शिक्षण के लिए सम्मान
जिलाधिकारी ने *उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राहुआ संग्राम की कक्षा 7 की शिक्षिका श्रीमती प्रियंका कुमारी को ई-शिक्षा के आधार पर उत्कृष्ट शिक्षण कार्य हेतु प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार प्रदान किया।
बताते चलें कि बीते बुधवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के क्रम में श्री शर्मा ने मधेपुर प्रखंड के भरगामा सहित कई पंचायतों का औचक निरीक्षण किया था। इसी दौरान उन्होंने राहुआ संग्राम विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का आकलन किया। निरीक्षण के क्रम में कक्षा में पढ़ा रही प्रियंका कुमारी की सहज, सरल एवं प्रभावी शिक्षण शैली ने जिलाधिकारी को प्रभावित किया, जिसके आधार पर उन्हें पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने कहा—
“प्रियंका कुमारी जैसी समर्पित एवं नवाचारी शिक्षिकाएं हमारे शिक्षा तंत्र की सच्ची धरोहर हैं। इनके प्रयासों से बच्चों की शिक्षा में सुधार होता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।”
प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सिंह को सम्मान
उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डाढा, खजौली के प्रधानाध्यापक श्री अनिल कुमार सिंह को विद्यालय को सुचारू संचालन एवं उत्कृष्ट रख-रखाव के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारी की अनुशंसा पर सम्मानित किया गया।
गुड सेमिरिटन सम्मान
जिला परिवहन कार्यालय द्वारा अनुशंसित गुड सेमिरिटन सम्मान के अंतर्गत दो व्यक्तियों को पुरस्कृत किया गया—
नंदनी कुमारी (निवासी बेरमा, लखनौर) ने 10 जुलाई 2025 को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
योगेश्वर झा (निवासी अररिया संग्राम, मधुबनी) ने 5 जुलाई 2025 की रात अररिया चौक पर घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।
दोनों को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
आंगनबाड़ी सेविका विमला देवी सम्मानित
आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-45, डोकहर (कलुआही) की सेविका विमला देवी को केंद्र संचालन में संतोषजनक कार्य करने पर जिला कार्यक्रम शाखा की अनुशंसा पर सम्मानित किया गया।
सम्मान से बढ़ा आत्मविश्वास
जिलाधिकारी द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल शिक्षिका प्रियंका कुमारी बल्कि सभी पुरस्कृत व्यक्तियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बना। इस पहल से जिले में शिक्षकों, कर्मियों एवं आम नागरिकों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा और अन्य लोग भी समाजहित में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।




