नए साल के शुभागमन पर पड़ोसी देश नेपाल के भेडेटार में फूड फेस्टिवल शुरू

नए साल के शुभागमन पर पड़ोसी देश नेपाल के भेडेटार में फूड फेस्टिवल शुरू


जे टी न्यूज़ सुपौल । (शिव शंकर प्रसाद)। पूर्वी नेपाल के प्रमुख पर्यटकीय केंद्रों में से एक धनकुटा जिले के सांगरिगढ़ी गाउँपालिका 06 स्थित भेडेटार में 13वां खाद्य महोत्सव (भेडेटार फूड फेस्टिवल) अंग्रेजी साल के अंतिम दिन यानि 31 दिसंबर 2025 को शुरू हो गया है। तीन दिवसीय इस फूड फेस्टिवल का आयोजन होटल एसोसिएशन ऑफ भेडेटार द्वारा किया गया है।कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि कोशी प्रदेश सरकार के पर्यटन, वन तथा पर्यावरण मंत्री सदानन्द मंडल ने पानस में दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। अंग्रेजी नववर्ष 2026 के अवसर पर यह फेस्टिवल नेपाली संवत पौष 16 से 18 तक आयोजित किया जा रहा है। फेस्टिवल में विभिन्न जातीय तथा ऑर्गेनिक खाद्य व्यंजन प्रस्तुत किए गए हैं। इसके साथ ही खाद्यान्न, नकदी एवं औद्योगिक फसलें, फल–फूल, सब्जियां, आलू की फसल तथा स्थानीय कृषि उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। आंतरिक एवं बाह्य पर्यटकों को आकर्षित कर पर्यटन प्रवर्द्धन में योगदान देने के उद्देश्य से इस खाद्य महोत्सव का आयोजन किया गया आयोजकों ने बताया।


धनकुटा के पर्यटन प्रवर्द्धन में इस महोत्सव की महत्वपूर्ण भूमिका रहने और आर्थिक दृष्टिकोण से भी उपयोगी होने के कारण होटल एसोसिएशन भेडेटार प्रत्येक अंग्रेजी नववर्ष के अवसर पर यह फेस्टिवल आयोजित करता आ रहा है। आयोजकों के अनुसार इस बार फेस्टिवल के माध्यम से लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये के आर्थिक कारोबार तथा 50 से 60 हजार पर्यटकों को भेडेटार लाने का लक्ष्य रखा गया है। भेडेटार क्षेत्र में स्थित प्रमुख पर्यटकीय एवं धार्मिक स्थलों में स्काई वॉक, शैलुङडाँडा (चार्ल्स व्यू टावर), पाथीभरा देवी मंदिर, शंखेश्वर मंदिर, थाकल डाँडा, आत्माघर, सूर्योदय बौद्ध एवं नजजाति पार्क थुम्की, सिम्सुवा झरना, सांगुरीगढ़ी, होमस्टे, ओख्रे व्यू टावर, ध्वजे डाँडा सूर्योदय व्यू प्वाइंट, अजंग का बरगद वृक्ष, थौअजेन विग बुद्ध छोतिमोरङ, जिपलाइन, रिडी नाम्जे इको रिसोर्ट, कार्किछाप झरना, खुवलुङ–ध्वजे पदमार्ग तथा हेभेन डाँडा शामिल हैं।
उक्त फेस्टिवल का आयोजन होटल एसोसिएशन भेडेटार द्वारा किया गया है। प्राकृतिक पर्यावरण, स्रोत एवं पर्यटन भेडेटार तथा आमा समूह सह–आयोजक हैं, जबकि सांगरिगढ़ी गाउँपालिका सहायक आयोजक के रूप में शामिल है। इस महोत्सव में नेपाल टूरिज्म बोर्ड सहयोगी संस्था के रूप में सहभागी है। मौके पर नेपाल के साथ कई भारतीय पत्रकार भी इसमें शामिल हुए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button