भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर एसएसबी एवं एपीएफ समन्वय बैठक आयोजित
भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर एसएसबी एवं एपीएफ समन्वय बैठक आयोजित

जे टी न्यूज़ /सुपौल : चेक पोस्ट भीमनगर में 45 वीं वाहिनी एसएसबी एवं नेपाल एपीएफ के मध्य भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा एवं आपसी समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजन किया गया। बैठक के दौरान भारत-नेपाल सीमा की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, सीमा क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों, आपसी समन्वय तथा सूचना आदान-प्रदान प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त सीमा क्षेत्र में बढ़ते मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी तथा अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु आवश्यक उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से चर्चा की गयी जिसमे सीमा पर अवैध आवागमन एवं तस्करी की रोकथाम हेतु संयुक्त प्रयास, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की त्वरित सूचना साझा करना, मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम, संयुक्त गश्त को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने पर बल,सीमा क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं आपसी सहयोग बनाए रखने हेतु समन्वय, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं सहयोग प्रणाली को सुदृढ़ करना, वर्तमान बाढ़ के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों द्वारा आपसी विश्वास, सहयोग एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

उक्त बैठक में एसएसबी 45वीं वाहिनी की ओर से कमांडेंट गौरव सिंह, उप कमांडेंट हरजीत राव,निरीक्षक (सा.)हितेश्वरी चौधरी, निरीक्षक (सा.) गिरिराज प्रसाद मीणा, उपनिरीक्षक (सा.) अनिल एवं अन्य बलकर्मी थे तो नेपाल एपीएफ की ओर से एसपी 06 वीं श्री रोशन, एसपी 04 वीं श्याम कुमार कार्की, एपीएफ डीएसपी भंटाबारी समशेर कार्की, इंस्पेक्टर बीओपी तिलाठी नरेंद्र सिंह, एपीएफ इंस्पेक्टर ऋषि राम, इंस्पेक्टर बीओपी बरसाइन अनिल कुमार ओली एवं अन्य कार्मिक शामिल थे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति बनी।




