दिशा की बैठक में जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने जनहित के मुद्दों पर सरकार का खींचा ध्यान

दिशा की बैठक में जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने जनहित के मुद्दों पर सरकार का खींचा ध्यान

जे टी न्यूज, खगड़िया(गीता कुमार):
समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को सांसद राजेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय दिशा की बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष संघ, बिहार की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव जनहित से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को प्रभावी एवं तथ्यपरक ढंग से उठाकर चर्चा के केंद्र में रहीं।

उन्होंने जिले के विकास, आधारभूत संरचना, शिक्षा, खेल, सड़क सुरक्षा, बाढ़ एवं कटाव, ग्रामीण सड़क, पुल निर्माण तथा भूमिहीन परिवारों के अधिकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशासन एवं संबंधित विभागों का ध्यान आकृष्ट कराया।

बैठक में श्रीमती यादव ने कहा कि गंगा एवं कोसी नदी से प्रभावित मथार, अलौली, बहोरवा, सिसवा, अगरहन, तेलीहार, पौरा, लौंगा, शहरौन, बारुण सहित जिले के सभी चिन्हित कटाव स्थलों पर बोल्डर एवं तार जाली (वायर क्रेट) के माध्यम से स्थायी कटावरोधी कार्य कराया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि इसके लिए जिला स्तर से विस्तृत प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाए, ताकि हर वर्ष अस्थायी मरम्मत पर होने वाले सरकारी खर्च पर रोक लगे और स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने दलित एवं भूमिहीन परिवारों की समस्या उठाते हुए कहा कि वर्षों पूर्व बासगीत पर्चा मिलने के बावजूद अनेक लाभुकों को आज तक उनकी चिन्हित भूमि पर दखल-दहानी नहीं दिलाई गई है। कई स्थानों पर दबंग एवं असामाजिक तत्वों का अवैध कब्जा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे सभी परिवारों को उनके बासगीत पर्चा के अनुरूप भूमि पर शीघ्र पुनर्स्थापित कराने की मांग की।

 

 

ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए जिप अध्यक्ष ने कहा कि आरईओ की कई ग्रामीण सड़कें गुणवत्ता के अभाव और रख-रखाव में लापरवाही के कारण बदहाल हो चुकी हैं। उन्होंने सोनमनकी से सरबजीता सड़क का उदाहरण देते हुए इसके चौड़ीकरण, उच्चीकरण एवं पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने हेतु प्रस्ताव भेजने की मांग की।
खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रीमती यादव ने सांसद राजेश वर्मा से आग्रह किया कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय से खगड़िया में स्पोर्ट्स एवं एथलेटिक्स अकादमी की स्वीकृति दिलाई जाए।

उन्होंने कहा कि स्वयं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रहने के नाते उनकी वर्षों पुरानी इच्छा है कि जिले के युवाओं को एथलेटिक्स, फुटबॉल, क्रिकेट एवं कुश्ती जैसी खेल विधाओं में आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो।
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बेगूसराय सीमा से जुड़े क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डेंजर जोन घोषित होने और स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के बावजूद भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभाव नहीं पड़ रहा है। साथ ही चुकती ओवरब्रिज पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था एवं चुकती गांव की ओर अप्रोच पथ नहीं होने से दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने चुकती बजरंगबली मोड़ पर अप्रोच पथ के शीघ्र निर्माण की मांग की।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अलौली प्रखंड के आनंदपुर मारन पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्ष 2013 में उनके पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत इस विद्यालय के लिए स्थानीय स्तर पर उद्घाटन भी किया गया था, लेकिन बाद में भवन निर्माण का प्रस्ताव विवादित भूमि पर भेज दिया गया। जबकि विद्यालय के समीप लगभग 10 बीघा सरकारी भूमि उपलब्ध है। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा जांच टीम गठित कर उपयुक्त सरकारी भूमि पर भवन निर्माण के लिए पुनः प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त बैठक में बेलदौर प्रखंड के कैंजरी गांव में काली कोसी नदी पर पुल निर्माण हेतु सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए संबंधित घाट पर सरकारी नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक के अंत में श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि वे भविष्य में भी खगड़िया जिले के विकास, जनहित और आम लोगों के अधिकारों से जुड़े हर मुद्दे को पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेंगी तथा जनता की आवाज बनकर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करती रहेंगी।

Related Articles

Back to top button