मुंगेर विश्वविद्यालय ने मात्र 25 दिनों में प्रकाशित किया स्नातक तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम
मुंगेर विश्वविद्यालय ने मात्र 25 दिनों में प्रकाशित किया स्नातक तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम

जेटीन्यूज़
भागलपुर/मुंगेर: मुंगेर विश्वविद्यालय ने स्नातक तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2024–28) का परीक्षा परिणाम सफलतापूर्वक प्रकाशित कर दिया है। इस परीक्षा का आयोजन ओएमआर आधारित उत्तर पुस्तिका प्रणाली के माध्यम से किया गया था तथा परीक्षा समाप्त होने के मात्र 25 दिनों के भीतर परिणाम प्रकाशित कर विश्वविद्यालय ने अपनी कार्यकुशलता एवं पारदर्शिता का परिचय दिया है।
इस परीक्षा में लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं, जो विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विश्वविद्यालय की प्रभावी परीक्षा प्रणाली का परिचायक है। सोमवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. संजय कुमार द्वारा परीक्षा परिणाम का औपचारिक रूप से प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (Dean of Students’ Welfare) परीक्षा नियंत्रक तथा कुलसचिव भी उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. डॉ. संजय कुमार ने इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि समयबद्ध एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली विकसित करना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ओएमआर आधारित मूल्यांकन प्रणाली के माध्यम से परिणामों की शुद्धता एवं शीघ्रता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने परीक्षा शाखा के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों तथा इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है।



