जर्जर सड़क पर दौड़ रहें 585 नौनिहाल, हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन
जर्जर सड़क पर दौड़ रहें 585 नौनिहाल, हादसा हुआ

जे टी न्यूज, करगहर(रोहतास)करगहर प्रखंड के डुमरा पंचायत में स्थित विद्या भारती पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले करीब 585 विद्यार्थी इन दिनों बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहें हैं। विद्यालय आने-जाने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटे हिस्से विद्यार्थियों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। खासकर स्कूल आने-जाने के समय वाहनों की आवाजाही बढ़ने से दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
विद्यालय के व्यवस्थापक चंद्रमा तिवारी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय मुखिया कामता प्रसाद से कई बार सड़क मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है। उनके अनुसार,हर बार सड़क बनवाने का आश्वासन तो मिलता है,लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
*निजी विद्यालय होने की वजह से अनदेखी तो नहीं?*
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि इसी सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे गुजर रहें हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? विद्यालय निजी है,लेकिन यहां पढ़ने वाले बच्चे इसी क्षेत्र के हैं। बच्चों की सुरक्षा को सरकारी-निजी विद्यालय के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।

यदि कल कोई दुर्घटना होती है और कोई बच्चा घायल होता है,तब इसकी जिम्मेदारी कौन उठाएगा? हादसे के बाद जागने के बजाय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को पहले ही सड़क की मरम्मत कराकर संभावित दुर्घटना को रोकना चाहिए। अभिभावकों में भी सड़क की स्थिति को लेकर चिंता है। उनका कहना है कि वे अपने बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल भेजते हैं,लेकिन जर्जर सड़क के कारण हर दिन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
585 बच्चों की सुरक्षा से बड़ा कोई मुद्दा नहीं हो सकता। पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित विभाग तत्काल स्थल का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति की जांच करें और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराएं। सवाल केवल सड़क का नहीं, बल्कि उन 585 नौनिहालों की सुरक्षा और भविष्य का है,जो प्रतिदिन इसी रास्ते से विद्यालय पहुंचते हैं।



