आत्मा प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को मिली स्वीकृति, किसानों के प्रशिक्षण एवं कृषक परिभ्रमण पर जोर

आत्मा प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को मिली स्वीकृति, किसानों के प्रशिक्षण एवं कृषक परिभ्रमण पर जोर

 

जे टी न्यूज, मधेपुरा:
जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा-सह-अध्यक्ष, आत्मा प्रबंध समिति, मधेपुरा रीतेश रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कृषि पदाधिकारी के वेश्म में आत्मा प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श करते हुए किसानों के हित में विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

*2025-26 के व्यय की सम्पुष्टि*

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 265.50777 लाख रुपये के मदवार व्यय प्रतिवेदन का सदस्यों द्वारा अवलोकन किया गया। इसके उपरांत सर्वसम्मति से घटनोत्तर व्यय की स्वीकृति एवं सम्पुष्टि प्रदान की गई।

*प्राप्त राशि के नियमानुसार व्यय की स्वीकृति*

वित्तीय लक्ष्य 329.913 लाख रुपये के विरुद्ध बामेती
पटना से स्थापना मद में प्राप्त 62.34623 लाख रुपये की प्रथम किस्त का विभागीय निदेश एवं आत्मा मार्गदर्शिका-2025 के अनुरूप मदवार व्यय करने की स्वीकृति प्रदान की गई।

*कृषकों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण*

कृषकों की क्षमता एवं तकनीकी दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य से बाहर प्रशिक्षण हेतु जिले के किसानों को भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान, कानपुर, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी तथा राष्ट्रीय जैविक कृषि अनुसंधान संस्थान, सिक्किम भेजने का निर्णय लिया गया।

*राज्य के प्रमुख संस्थानों में विषयवार प्रशिक्षण*

राज्य के अंदर कृषकों को बीसा, पूसा, समस्तीपुर, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर, ग्राम श्री किसान स्कूल, पुनपुन (पटना) तथा केन्द्रीय विश्वविद्यालय, दक्षिण बिहार, गयाजी में क्रमशः जलवायु अनुकूल कृषि, खाद्य सुरक्षा, उद्यानिक फसलों एवं मृदा प्रबंधन विषयों पर प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया गया।

*कृषक परिभ्रमण से मिलेगा आधुनिक कृषि का व्यावहारिक ज्ञान*

कृषकों के व्यावहारिक ज्ञान एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचय के लिए राज्य से बाहर कृषक परिभ्रमण के तहत सैम हिग्गिनबॉटम कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा मोबाइल एग्रीकल्चरल स्कूल एंड सर्विसेज, रांची (झारखंड) भेजने का निर्णय लिया गया।

*किसानों के सुझावों को कार्ययोजना में किया गया शामिल*

आत्मा प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इन सुझावों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल करने पर सहमति बनी, ताकि जिले के कृषकों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में अधिक प्रभावी लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, प्रतिनिधि जिला उद्योग केन्द्र, वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान कृषि विज्ञान केन्द्र, जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रतिनिधि सहित प्रगतिशील कृषक धीरज कुमार, वैसाद, कुमारखंड, उपेन्द्र कुमार, बैहरारी, शंकरपुर तथा पूनम कुमारी, मशरूम ग्रोवर, पुरैनी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button