कृषि में नवीनतम तकनीक की जानकारी को राजस्थान में होगा कृषकों का प्रशिक्षण

कृषि में नवीनतम तकनीक की जानकारी को राजस्थान में होगा कृषकों का प्रशिक्षण

जे टी न्यूज,मधुबनी


कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), मधुबनी के द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कृषि क्षेत्र में सरसों की वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन तथा नवीनतम तकनीकों एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य के बाहर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस क्रम में दिनांक 05 से 09 अक्टूबर 2026 तक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, भरतपुर, राजस्थान में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में मधुबनी जिले से सभी प्रखंडों के किसानों की सहभागिता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीक, सरसों उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों, कृषि में नवीन तकनीकी प्रयोग, मूल्य संवर्धन तथा किसान समूहों तक तकनीक के प्रभावी हस्तांतरण के संबंध में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा कृषि अनुसंधान एवं तकनीकी संस्थानों का भ्रमण कर नवीन कृषि तकनीकों एवं अनुसंधान आधारित कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की जाएगी। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकी अनुभव को मधुबनी जिले के किसानों तक प्रशिक्षण, किसान गोष्ठी, प्रक्षेत्र प्रदर्शन एवं अन्य विस्तार गतिविधियों के माध्यम से पहुँचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
परियोजना निदेशक, आत्मा, मधुबनी ने कहा कि राज्य के बाहर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु किसानों को देश के विभिन्न कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थानों में विकसित नवीन तकनीकों को समझने और उन्हें स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप अन्य किसानों तक पहुँचाने का अवसर मिलता है। इससे जिले में तकनीक आधारित एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button