मंहगाई में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च
मंहगाई में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च

जे टी न्यूज, खगड़िया: मंहगाई में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ आज खगड़िया में सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और पीएम नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया।सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर बाद खाद्य सामग्रीयों के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ पार्टी जिला कार्यालय से नरेन्द्र मोदी के पुतले के साथ प्रतिवाद जुलूस निकाला,जो बढ़ती महंगी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीपीआईएम जिला कार्यालय से बीएसएनएल ऑफिस तक मार्च करते हुए पुनः लौट कर हॉस्पिटल चौक पहुंचा।हॉस्पिटल चौक पर मंहगाई बढ़ाने वाली केन्द्र सरकार के खिलाफ भारी नारेबाजी के बीच नरेन्द्र मोदी के पुतले को आग के हवाले कर दिया।मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सीपीआईएम राज्य सचिवमंडल सदस्य सह पूर्व प्रत्याशी महागठबंधन खगड़िया लोकसभा,संजय कुमार ने कहा कि पिछले दस दिनों से खाद्य सामग्रियों सहित आम लोगों के सभी जीवनोपयोगी सामानों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है,जिससे आम गरीब और मध्यवर्गीय लोगों का जीना दूभर हो गया है।उन्होंने कहा चीनी,सरसों तेल,प्याज,आटा,चावल,दाल और मसाले के कीमतों में पिछले दस दिनों से लगातार उछाल देखा जा रहा है।सिर्फ चीनी के दामों में 25/रुपए प्रति किलो और सरसों तेल में 40/रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।उन्होंने चीनी के दामों में वृद्धि का मुख्य वजह गन्ने के बड़े हिस्से का इस्तेमाल इथनॉल बनाने को बताया।देश के आम नागरिक गन्ने का इस्तेमाल इथनॉल के चलते जहां एक तरफ महंगी चीनी की मार झेलने को विवश हैं,वहीं इथनॉल को पेट्रोल में मिला कर सप्लाई के चलते आम लोग बाइकों और चौपहिया वाहनों के एवरेज में गिरावट से त्रस्त हैं।संजय कुमार ने कहा हाल के दिनों में रासायनिक खादों में खास कर यूरिया और डीएपी की भारी कालाबाजारी की जा रही है,जिस कारण किसानों को ये दोनों रासायनिक खाद डेढ़ गुने अधिक मूल्यों पर मिल पा रहा है।ऐसे में केन्द्र और राज्य सरकार तुरंत सभी खाद्य सामग्रीयों सहित सभी जीवनोपयोगी सामानों के कीमतों को कंट्रोल करे,अन्यथा सीपीआईएम मंहगाई के खिलाफ एक बड़े आंदोलन के दिशा में आगे बढ़ेगी।

आज के प्रतिवाद जुलूस और पुतला दहन कार्यक्रम में पार्टी जिला सचिव सुरेन्द्र प्रसाद महतों,जिला सचिवमंडल सदस्य रामविनय सिंह,नीतू देवी,कुन्दन मेहता,जिला कमिटी सदस्य संजीव कुमार,रजनीश कुमार,माला देवी एवं अनिल वर्मा शामिल हुए।


