11 हजार वोल्ट का तार फसल के ऊपर झूल रहा, हादसे की आशंका
SDO व JE को कई बार सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं:- रौशन कुमार
11 हजार वोल्ट का तार फसल के ऊपर झूल रहा, हादसे की आशंका
SDO व JE को कई बार सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं:- रौशन कुमार

जे टी न्यूज़, पूसा/समस्तीपुर : पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 अंतर्गत भुस्कौल चौक से बोस कंपनी चौक जाने वाली मुख्य सड़क के समीप 11 हजार वोल्ट का लाइव विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा है और फसल के ऊपर से गुजर रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की जान-माल पर गंभीर खतरा बना हुआ है। इस गंभीर समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के SDO और JE को कई बार दी जा चुकी है, बावजूद इसके अब तक तार को दुरुस्त नहीं किया गया है। विभागीय लापरवाही के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि 11 हजार वोल्ट का लाइव तार इस तरह नीचे झूलते हुए फसल के ऊपर रहना बेहद गंभीर और खतरनाक स्थिति है। विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की कि अविलंब मौके पर तकनीकी टीम भेजकर तार को सुरक्षित ऊंचाई पर दुरुस्त किया जाए तथा ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि SDO और JE को बार-बार सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। आगे रौशन कुमार ने कहा कि इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा। यदि विद्युत विभाग द्वारा अविलंब तार को दुरुस्त नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

