लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण के खिलाफ पटना नगर निगम की कार्रवाई
गर्दनीबाग से चितकोहरा तक चला अभियान, अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्रों में होगा पौधारोपण
लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण के खिलाफ पटना नगर निगम की कार्रवाई
गर्दनीबाग से चितकोहरा तक चला अभियान, अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्रों में होगा पौधारोपण

जे टी न्यूज, पटना:
पटना शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दूसरे दिन व्यापक अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के निर्देश पर शुक्रवार को गर्दनीबाग रोड नंबर-15 से हार्डिंग रोड होते हुए चितकोहरा तक विशेष अभियान चलाकर सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
अभियान के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर अनधिकृत रूप से लगाए गए ठेले तथा सार्वजनिक स्थानों पर रखे गए सामान को हटाया गया। कार्रवाई के क्रम में दो ठेले जब्त किए गए। वहीं, गोलंबर एवं फुटपाथ सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बिस्तर, कपड़े एवं अन्य सामान रखकर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी हटाया गया तथा संबंधित सामान जब्त किया गया।
*अतिक्रमण हटाने के साथ स्वच्छता पर भी जोर*
नगर निगम की टीम द्वारा केवल अतिक्रमण हटाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई, बल्कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्रों की स्वच्छता एवं बेहतर रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान बस स्टॉप, फुटपाथ एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की डीप क्लीनिंग कराई गई। साथ ही, अतिक्रमण हटाए गए स्थानों पर चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया।
*अतिक्रमण मुक्त क्षेत्रों में होगा पौधारोपण*
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सार्वजनिक स्थलों का दोबारा अतिक्रमण न हो और इन क्षेत्रों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके, इसके लिए नगर निगम द्वारा वहां पौधारोपण करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे एक ओर अतिक्रमण की पुनरावृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण भी होगा।

अभियान नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी की निगरानी में चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण प्रभारी, नगर प्रबंधन टीम सहित निगम के अन्य संबंधित पदाधिकारी समेत कुल 18 कर्मी उपस्थित रहे।



