स्वच्छता ही सेवा-2026 का समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
स्वच्छता ही सेवा-2026 का समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
महात्मा गांधी जयंती पर समाहरणालय में समारोह, स्वच्छता अभियान के साथ नमामि गंगे विशेष अभियान का शुभारंभ
जे टी न्यूज, समस्तीपुर: महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर समाहरणालय सभाकक्ष में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का समापन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह (भा.प्र.से.) ने की।
समारोह के दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए केवस निजामत ग्राम पंचायत एवं किशनपुर यूसुफ ग्राम पंचायत के मुखियाओं को विशेष रूप से स्वच्छता सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
नमामि गंगे विशेष अभियान का शुभारंभ
समारोह के दौरान ‘नमामि गंगे—स्वच्छता ही सेवा-2026’ विशेष अभियान का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
गांवों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया गया। सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान, श्रमदान, हाट-बाजारों एवं धार्मिक स्थलों की सफाई तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छता दूतों ने भागीदारी करते हुए जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में योगदान दिया।
‘स्वच्छता एक दिन का नहीं, सतत चलने वाला अभियान’
समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों, प्रखंड एवं जिला स्तरीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों तथा हाट-बाजारों में प्रति सप्ताह दो घंटे और वर्ष में 100 घंटे सफाई अभियान एवं श्रमदान चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, समस्तीपुर, अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अली एकराम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री विष्णुदेव मंडल, डीआरडीए निदेशक श्री आशुतोष आनंद तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे।



