ग्रामीण चिकित्सक गुलजार अहमद की हत्या पर राजद नेता ललन यादव ने जताया शोक
परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली, उच्चस्तरीय जांच और न्याय का दिलाया भरोसा
ग्रामीण चिकित्सक गुलजार अहमद की हत्या पर राजद नेता ललन यादव ने जताया शोक
परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली, उच्चस्तरीय जांच और न्याय का दिलाया भरोसा

समस्तीपुर। हसनपुर थाना क्षेत्र के परोरिया पंचायत अंतर्गत केसरौरा टोला में ग्रामीण चिकित्सक गुलजार अहमद उर्फ शाहीन (50) की हत्या के बाद राजद के वरिष्ठ नेता ललन यादव ने सोमवार को उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
परिजनों के अनुसार, 18 सितंबर की रात अपराधियों ने घर में घुसकर सोए अवस्था में गुलजार अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ललन यादव ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की।
मृतक के पिता सुल्तान अहमद ने बताया कि उनके इकलौते पुत्र शाहीन मिलनसार स्वभाव के थे और बिना किसी भेदभाव के लोगों का उपचार करते थे। उन्होंने कहा कि इसी वजह से शाहीन रोज की तरह घर के बरामदे में सो रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी।
राजद नेता ललन यादव ने कहा कि घटना बेहद दुखद और गंभीर है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
इस मौके पर युवा राजद नेता टुनटुन कुमार, राजन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


