हरपुर में जलजमाव के विरोध में सड़क जाम, प्रशासन ने मिट्टी कटवाकर कराई जलनिकासी
ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाकर पक्का नाला बनाने की उठाई मांग, स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हरपुर में जलजमाव के विरोध में सड़क जाम, प्रशासन ने मिट्टी कटवाकर कराई जलनिकासी
ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाकर पक्का नाला बनाने की उठाई मांग, स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जे टी न्यूज
पूसा (समस्तीपुर): पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 और 7 में भुस्कौल चौक के समीप वर्षों से जारी जलजमाव की समस्या को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घंटों सड़क जाम रहने से यातायात बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद सड़क किनारे मिट्टी कटवाकर जमा पानी की निकासी कराई गई। इससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी एवं भाकपा-माले नेता रौशन कुमार ने कहा कि भुस्कौल चौक और आसपास के वार्डों में जलजमाव गंभीर समस्या बन चुका है। सड़क किनारे गंदा पानी जमा रहने और कीचड़ फैलने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इससे दैनिक कार्यों, बाजार आने-जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचाने में परेशानी होती है। साथ ही, गंदे पानी के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान भुस्कौल चौक पर सैकड़ों लड़कियां दीप जलाने और पाठ करने पहुंचती हैं। वहीं, दर्जनों महिलाएं दुर्गा माता के स्थान पर पूजा-अर्चना करती हैं। ऐसे में रास्ते पर गंदा पानी और कीचड़ जमा रहना श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। प्रशासन को उनके लिए स्वच्छ और सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करनी चाहिए।
रौशन कुमार ने बताया कि जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की मांग को लेकर पहले ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम के बाद मिट्टी कटवाकर पानी निकालना केवल अस्थायी राहत है। प्रशासन को सड़क किनारे अतिक्रमण की जांच कर उसे हटाना चाहिए और जलनिकासी के लिए पक्का नाला बनवाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को हर साल इस समस्या से जूझना न पड़े।
उन्होंने कहा कि स्थायी नाला निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन तेज किया जाएगा।

मौके पर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार राय, लाल बाबू राय, धर्मनाथ निराला, विपिन कुमार, अरविंद राय, लाल राय, पटेल कुमार, विकास कुमार, रंजन कुमार, प्रमोद कुमार, राजकुमार, शिवम कुमार, लखपति, सरोज कुमार, संतोष कुमार, अंकित कुमार, नीतीश कुमार, आदित्य कुमार, सोनू कुमार, विशाल कुमार, पंकज कुमार, अनिल कुमार राय, रसमणि, चंद्रयांशु कुमार और सन्नी कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।


