दुर्गापूजा की सुरक्षा पर डीएम दीपक कुमार मिश्रा सख्त
तकिया-रौजा रोड के पंडालों का किया निरीक्षण
दुर्गापूजा की सुरक्षा पर डीएम दीपक कुमार मिश्रा सख्त
तकिया-रौजा रोड के पंडालों का किया निरीक्षण
बिजली,अग्निशमन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास) एन बाबा : दुर्गापूजा में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने सासाराम के तकिया एवं रौजा रोड स्थित दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण,सुरक्षा इंतजाम और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं,ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें।
*बिजली और अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर*
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पूजा पंडालों की संरचना,विद्युत तारों,अस्थायी बिजली संयोजनों और अग्निशमन व्यवस्था की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन उपकरण और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था उपलब्ध रहनी चाहिए।

*जाम पर नियंत्रण,श्रद्धालुओं की आवाजाही हो सुगम*
तकिया एवं रौजा रोड जैसे व्यस्त इलाकों में भीड़ और यातायात को नियंत्रित रखने के लिए जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने को कहा,ताकि श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों और आपातकालीन वाहनों को भी परेशानी न हो।
*निगरानी और नागरिक सुविधाओं पर प्रशासन का जोर*

डीएम ने पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त रोशनी,पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जहां सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध हैं,वहां उनकी कार्यशीलता की जांच करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा साफ-सफाई,पेयजल और सार्वजनिक रास्तों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन,उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद,अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विप्लव कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहें।
जिलाधिकारी ने पूजा समितियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और पूजा समितियों से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण,सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की।




