कला-संस्कृति विभाग के सचिव और पटना डीएम ने किया ‘जुगनू हाट’ का उद्घाटन
बापू टावर में तीन दिवसीय हस्तशिल्प मेले का शुभारंभ; बावनबूटी साड़ी, बांका की कलाकृतियां और कैमूर के कालीन बने आकर्षण का केंद्र
कला-संस्कृति विभाग के सचिव और पटना डीएम ने किया ‘जुगनू हाट’ का उद्घाटन
बापू टावर में तीन दिवसीय हस्तशिल्प मेले का शुभारंभ; बावनबूटी साड़ी, बांका की कलाकृतियां और कैमूर के कालीन बने आकर्षण का केंद्र
जे टी न्यूज,
पटना: स्थानीय शिल्पकारों, बुनकरों और कलाकारों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा लोगों को देश की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से गर्दनीबाग स्थित बापू टावर में गुरुवार को तीन दिवसीय ‘जुगनू हाट’ का भव्य शुभारंभ हुआ। हाट का उद्घाटन कला-संस्कृति एवं भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
‘जुगनू हाट’ में बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के हस्तशिल्प, हथकरघा एवं पारंपरिक कला से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां नालंदा और नवादा की विलुप्त होती जा रही प्रसिद्ध बावनबूटी कला से तैयार साड़ियां, अंगवस्त्रम और दुपट्टे लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा बांका की पारंपरिक कलाकृतियां, कैमूर के हस्तनिर्मित कालीन, बुनी हुई साड़ियां और विभिन्न क्षेत्रों के आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं।
हाट में दीपावली, धनतेरस और छठ महापर्व से जुड़ी पारंपरिक सामग्री के साथ घर एवं दीवारों को सजाने के लिए विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित सजावटी उत्पाद भी उपलब्ध हैं। बिहार के अलावा अन्य राज्यों से आए बुनकरों और शिल्पकारों ने भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कला और शिल्प को देखने तथा खरीदने का अवसर मिल रहा है।
आयोजक डॉ. स्मृति पासवान ने कहा कि ‘जुगनू हाट’ स्थानीय कला और हुनर को समर्पित एक विशेष पहल है। इसका उद्देश्य पारंपरिक शिल्प को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि यह हाट पटनावासियों के लिए पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी करने और शिल्पकारों के हुनर को करीब से समझने का अच्छा अवसर है।
इस अवसर पर मलातन इंफ्रा की संस्थापक नूतन पासवान, नरेंद्र पासवान, आयोजक डॉ. स्मृति पासवान, डीआईजी जयंतकांत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



