उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने किया विद्यापति महोत्सव का उद्घाटन, पहले दिन अतुल पंडित की गायकी ने बांधा समां
तीन दिनों तक संगीत, साहित्य और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों से गुलजार रहेगा विद्यापति धाम
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने किया विद्यापति महोत्सव का उद्घाटन, पहले दिन अतुल पंडित की गायकी ने बांधा समां
तीन दिनों तक संगीत, साहित्य और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों से गुलजार रहेगा विद्यापति धाम

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: महाकवि विद्यापति की धरती विद्यापतिनगर स्थित विद्यापति धाम में रविवार से तीन दिवसीय विद्यापति महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही विद्यापति धाम अगले तीन दिनों तक संगीत, साहित्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रहेगा।
उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकार अतुल पंडित ने अपनी गायकी से खूब समां बांधा। उनकी सुरीली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित लोगों ने संगीत का भरपूर आनंद लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस आयोजन के जरिए मिथिला की साहित्यिक परंपरा, लोक संस्कृति, संगीत और कला की विविध छटाएं देखने को मिलती हैं। साथ ही यह मंच नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि यह धरती धन्य है कि महाकवि विद्यापति ने अपनी साहित्यिक सृजन यात्रा के लिए इसी भूमि का चयन किया। उनकी रचनाओं ने मिथिला की पहचान देश-दुनिया में स्थापित की है। ऐसे आयोजन महाकवि विद्यापति की साहित्यिक विरासत और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए विद्यापति प्रेमियों और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
इससे पूर्व विद्यापतिनगर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उपमुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप अधिकारियों को पाग और चादर भेंटकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को सुस्वावती मालिक अपनी संगीत प्रस्तुति देंगी। वहीं, तीसरे और अंतिम दिन बच्चों को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

