ईंट भट्ठे में फायरिंग के बाद हुई चिमनी ब्लास्ट की घटना में कई जख्मी

ईंट भट्ठे में फायरिंग के बाद हुई चिमनी ब्लास्ट की घटना में कई जख्मी

जे टीन्यूज, मधुबनी:

लदनियां थाना क्षेत्र के सिधपा गांव स्थित महात्मा ईंट उद्योग में मंगलवार की शाम हुई फायरिंग के बाद धमाकेदार आवाज हुई। लोगों ने चिमनी में पड़ी दरार से आग की लपटें निकलते देखा। भगदड़ मची और कई मजदूर चोटिल हो गए। चिमनी गिरते-गिरते बची।

अग्नि प्रभावित व चोटिल लगभग दर्जनभर मजदूरों को स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए भेजा गया। जख्मियों को खतरे से बाहर बताया गया है। जानकारी के अनुसार यहां काम कर रहे लगभग तीन सौ मजदूरों में से अधिकांश फायरिंग के समय आसपास खड़े थे। चिमनी फटकर धराशाई होती, तो कई की जानें जा सकती थीं। चिमनी ब्लास्ट होने के कोई वैज्ञानिक कारण सामने नहीं आए हैं। कमलाबाड़ी गांव निवासी संचालक चन्द्रशेखर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा घटना फायरिंग में लगे मजदूरों की अनुभवहीनता के कारण घटी।

बुरी तरह दरके इस भट्ठे की चिमनी को गिराने की प्रक्रिया भयावहता के साये में मजदूरों ने अवैज्ञानिक तरीके से शुरू कर दी है। खनन विभाग ने उक्त ईंट भट्ठे में फायरिंग के बाद हुए चिमनी ब्लास्ट की घटना पर अनभिज्ञता जताई। गौरतलब है कि फायरिंग से पूर्व प्रदूषण नियंत्रण विभाग समेत संबंधित विभाग से अनुमति ली जाती है। शायद इसकी औपचारिकता पूरी नहीं की गई। पुलिस प्रशासन ने इस हादसे की जानकरी होने की बात से इनकार किया है।

 

Related Articles

Back to top button