भारत जोड़ो न्याय यात्रा: देश और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई- प्रमोद मंडल

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: देश और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई- प्रमोद मंडल

जे टी न्यूज़, मधुबनी :बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुबनी जिला के फुलपरास प्रखंड निवासी प्रमोद कुमार मंडल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि नौ–दस सालों में एक कायर तानाशाह ने देश को भीतर तक खोखला कर दिया है। राजनीतिक मूल्यों और नैतिक मर्यादाओं को ताक पर रख दिनदहाड़े लोकतंत्र का गला घोंट रहा है। आज भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने गौरवशाली लोकतंत्र को बचाने की है। जिस लोकतंत्र को जनता का पैरोकार होना था, आज उस लोकतंत्र में देश के लोग भेदभाव, सामाजिक विषमता, आर्थिक असमानता और नफरत का शिकार हो रहे हैं। जनता का मौलिक अधिकार छीना जा रहा है, सरकार पावर का इस्तेमाल सच बोलने वालों के खिलाफ कर रही है। यहां जनता का दुःख–दर्द सुनने वाला कोई नहीं है। ये कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो भाजपा अखंड भारत का सपना दिखाती है, उसने देश में ही दो हिंदुस्तान बना दिए– अमीरों का हिंदुस्तान और गरीबों का हिंदुस्तान। ये देशवासियों के लिए अच्छा नहीं है, इसलिए आज एक ऐसे हिंदुस्तान की जरूरत है, जहां सबके लिए न्याय और समानता हो।

मंडल ने कहा सत्ता की तानाशाही और बर्बरता के इस भयावह दौर में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी लोकतंत्र को जीवित रखने के लिए संसद से सड़क तक लगातार लड़ाई लड़ रहे हैं। बीते दिनों राहुल गांधी अपनी 4 हजार किमी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए सरकार की असलियत को जन-जन तक पहुंचने में काफी हद तक कामयाब रहे हैं। यात्रा में समाज के वंचित वर्गों, बेरोजगारों, महिलाओं, छात्रों,किसानों और मजदूरों ने हिस्सा लेकर सरकार की निकम्मी नीतियों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। जनता ने मोदी सरकार की नफरत के विरुद्ध कांग्रेस के मोहब्बत की दुकान खोली। अब लोकतंत्र और देशवासियों के अधिकारों को बचाने की लड़ाई के क्रम में और नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने हेतु कांग्रेस ने 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकालने का फ़ैसला किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में 66 दिन की इस यात्रा के जरिए 6,700 किलोमीटर दूरी तय करके जनता को सरकार की निकम्मी नीतियों के खिलाफ सतर्क किया जाएगा। 15 राज्यों (मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र) के 110 ज़िलों के करोड़ों निवासियों से सरकार की तानाशाही के विरुद्ध खड़े होकर लोकतंत्र को बचाने की अपील की जाएगी। नफरत, उन्माद, भ्रष्टाचार और भेदभाव के इस काले दौर में मोहब्बत, सद्भाव, विकास और समानता के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी।

आज सरकार और उसके सिपहसालारों का एकसूत्रीय कार्यक्रम है– जनता को धर्म और जाति के झमेले में फंसाकर अपनी कुर्सी को बचाए रखना। देश की बागडोर एक ऐसे खूंखार तानाशाह के हाथ में है, जिसका भूत और वर्तमान सभी काला है। यह तानाशाह और डरपोक है, आलोचना से घबराता है और एक प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी नाकामियों की जिम्मेदारी कभी नहीं लेता। आज तानाशाह जनता से निवाले पर भी कर वसूल रहा है, जबकि बेतहाशा महंगाई से लोगों की कमर टूट गई है। आज पढ़े–लिखे युवा बेरोजगार फांसी पर लटक रहे हैं, किसान अपनी फसलों को खेत में जला रहे हैं। बेटियों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। देश के अधिकतर सरकारी संस्थानों को पूंजीपति मित्रों के नाम नीलाम किया जा रहा है। जहां जनता के खून पसीने की कमाई को लूटकर सरकार उद्योगपति मित्रों को मनमाना छूट दे रही हो, ऐसे में विपक्ष का धर्म है– सड़क पर उतरना और यही काम कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार कर रहे हैं।

अंत में श्री मंडल ने कहा की ऐसे भयानक दौर में जब संघ और भाजपा की जहरीली मानसिकता देश के मिजाज, इसकी तासीर, इसकी जम्हूरियत, संस्कृति और भाषा को बदलने का खतरनाक खेल खेल रही है। ऐसे वक्त में कांग्रेस और राहुल गांधी आजाद भारत में सद्भाव, बराबरी, विविधता , समानता और राजनीतिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना लोकतंत्र में आस्था रखने वाला हर नागरिक का पहला कर्तव्य है, क्योंकि जब लोकतंत्र महफूज़ रहेगा, तभी सभी नागरिकों को हक मिलेगा। देश के हर नागरिक को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय भी तभी मिलेगा, जब लोकतंत्र के योद्धा लड़ाई जीतेंगे। मोदी सरकार के खिलाफ ये लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की लड़ाई है। ये लड़ाई हिंदुस्तान को सुखी और खुशहाल बनाने की है। ये लड़ाई देश की अस्मिता और देशवासियों की गरिमा को बचाने की है। यह लड़ाई हम सबकी है, भाजपा जैसी देश विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देना ही हमारी असली देशभक्ति होगी।

Related Articles

Back to top button