निगम क्षेत्र तक जारी कंबल वितरण कड़ाके की ठंड में अलाव भी बने सहारा
निगम क्षेत्र तक जारी कंबल वितरण कड़ाके की ठंड में अलाव भी बने सहारा

जे टी न्यूज, पूर्णिया:
कड़ाके की ठंड के बीच नगर निगम पूर्णिया लगातार मानवीय जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों और निस्सहायों के लिए राहत का काम कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर निगम की महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में वार्ड संख्या-41 मिलनपाड़ा में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। देर रात तक चले इस अभियान में चिन्हित जरूरतमंदों और बेसहारा लोगों के बीच सैकड़ों कंबल वितरित किए गए।
ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम द्वारा प्रतिदिन निगम क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की भी निरंतर व्यवस्था की जा रही है। ताकि खुले आसमान के नीचे जीवन यापन कर रहे लोग भीषण सर्दी से राहत पा सकें।
कंबल वितरण के दौरान महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों को चिन्हित कर लगातार जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण किया जा रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर लोग अपने घरों में रजाई-कंबल के सहारे सुरक्षित रहते हैं, वहीं समाज में ऐसे भी लोग हैं जो केवल एक साधारण चादर में ठिठुरती रातें बिताने को मजबूर हैं। ऐसे लोगों की पीड़ा को समझते हुए नगर निगम हर वर्ष ठंड के मौसम में उनके लिए राहत कार्य करता है।
महापौर ने कहा कि गरीब, लाचार और असहाय व्यक्ति तक हरसंभव मदद पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नगर निगम इस तरह के मानवीय और सामाजिक कार्यों को लगातार जारी रखेगा।
कंबल वितरण एवं अलाव व्यवस्था से लाभान्वित लोगों ने नगर निगम एवं महापौर विभा कुमारी की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। लोगों का कहना था कि कड़ाके की ठंड में असहायों की सेवा करना ही सच्ची मानवता की मिसाल है।



