खेल मैदानों के रख-रखाव से लेकर कॉलेज में शिक्षकों की कमी तक, सदन में उठे जनहित के मुद्दे
खेल मैदानों के रख-रखाव से लेकर कॉलेज में शिक्षकों की कमी तक, सदन में उठे जनहित के मुद्दे

जे टी न्यूज, पटना:
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के प्रथम दिन पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने जिले के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों को जोरदार तरीके से सदन के पटल पर रखा। उन्होंने ध्यानाकर्षण, निवेदन और याचिकाओं के माध्यम से पूर्णिया की जमीनी समस्याओं को सरकार के संज्ञान में लाया।
*खेल मैदान बने, लेकिन खिलाड़ी बेहाल*
विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक सहित जिले की सभी पंचायतों में एनडीए सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत खेल मैदानों का निर्माण तो किया गया है, लेकिन उनके नियमित रख-रखाव की जिम्मेदारी तय नहीं होने और खेल सामग्री की अनुपलब्धता के कारण ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने इस गंभीर विषय पर ग्रामीण विकास मंत्री से शीघ्र ठोस समाधान की मांग की।
*पूर्णिया कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी, पढ़ाई प्रभावित*
विधायक ने याचिका के माध्यम से पूर्णिया कॉलेज में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक पदों के खाली रहने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सरकार से आग्रह किया गया कि शीघ्र शिक्षकों का पदस्थापन कर शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
*मरंगा की जर्जर सड़क का मुद्दा सदन में*
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मरंगा दुर्गा मंदिर से मरंगा बीन टोला तक की जर्जर सड़क के जीर्णोद्धार को लेकर भी विधायक विजय खेमका ने सदन में निवेदन प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जल्द मरम्मत अत्यंत आवश्यक है।
*27 फरवरी तक जारी रहेगा* पूर्णिया के मुद्दों का अभियान

विधायक विजय खेमका ने कहा कि 27 फरवरी तक चलने वाले बजट सत्र के दौरान वे पूर्णिया के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार सदन में उठाते रहेंगे और संबंधित विभागीय मंत्रियों से मिलकर जनता की मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।
*जनकल्याणकारी होगा बिहार बजट*
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी दिन विधानसभा में प्रस्तुत होने वाला बिहार बजट राज्य को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने वाला जनकल्याणकारी बजट साबित होगा।
पहले ही दिन विधायक विजय खेमका की सक्रियता ने साफ कर दिया कि इस बजट सत्र में पूर्णिया के विकास की आवाज़ मजबूती से गूंजेगी।



