संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में डॉ. ज़ाकिर हुसैन जयंती पर शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन
संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में डॉ. ज़ाकिर हुसैन जयंती पर शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर, बिरसिंहपुर : भारत के महान शिक्षाविद्, चिंतक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ज़ाकिर हुसैन का जन्मदिवस 8 फ़रवरी 1897 को हुआ था। चूँकि इस वर्ष 8 फ़रवरी रविवार को पड़ रहा है, अतः संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बिरसिंहपुर में उनकी जयंती के उपलक्ष्य में 7

फ़रवरी 2026 को ही महाविद्यालय स्तर पर शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ज़ाकिर हुसैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापकगण एवं बी.एड. प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की। इसके उपरांत प्रशिक्षुओं के मध्य निबंध प्रतियोगिता-{डॉ.ज़ाकिर हुसैन जी के शैक्षिक योगदान में एक विश्लेषण दृष्टिकोण} आयोजित की गई, जिसमें डॉ. ज़ाकिर हुसैन के शैक्षिक दर्शन, राष्ट्रीय चेतना तथा शिक्षक की सामाजिक भूमिका जैसे विषयों पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए गए।

प्रतियोगिता का अवलोकन एवं मूल्यांकन पाठ्यक्रम-सहगामी एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा किया गया, जिसके आधार पर तीन श्रेष्ठ निबंधों { प्रथम पुरस्कार शबनम् कुमारी और केशव राज, द्वितीय आदिति शर्मा तथा तृतीय पुरस्कार सीमा कुमारी} का चयन किया गया। चयनित प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें शैक्षणिक अभिरुचि एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। यह आयोजन प्रशिक्षु-शिक्षकों के लिए न केवल शैक्षिक दृष्टि से उपयोगी रहा, बल्कि डॉ. ज़ाकिर हुसैन के विचारों को आत्मसात करने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध हुआ।

