पूर्णिया में महादलित परिवार को धमकी का आरोप, FIR के बावजूद गिरफ्तारी नहीं; पीड़ित परिवार दहशत में

पूर्णिया में महादलित परिवार को धमकी का आरोप, FIR के बावजूद गिरफ्तारी नहीं; पीड़ित परिवार दहशत में

जे टी न्यूज, पूर्णिया:
पूर्णिया जिले के बियारपुर पंचायत में एक महादलित परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत और FIR दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक न तो आरोपी की गिरफ्तारी की है और न ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई है, जिससे पूरा परिवार दहशत में जीने को मजबूर है।
पीड़ित महिला अरुणा देवी ने बताया कि उनके ही पंचायत निवासी अमर यादव ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। न्याय की गुहार लेकर जब वे SC/ST थाने पहुंचीं तो शुरुआत में थाना स्तर पर सहयोग नहीं मिला। बाद में सामाजिक दबाव के बाद FIR दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा देने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया है। इस स्थिति से परिवार की चिंता और भय और अधिक बढ़ गया है।
इसके बाद पीड़ित अरुणा देवी ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आदित्य लाल से मुलाकात कर अपनी आपबीती साझा की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्य लाल ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक स्थिति है कि FIR दर्ज होने के बाद भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं हो रही है और पीड़ित परिवार सुरक्षा के लिए भटक रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर ऐसी लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
आदित्य लाल ने घोषणा की कि वे जल्द ही बियारपुर पंचायत का दौरा करेंगे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा दिलाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप, आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Related Articles

Back to top button