गैस कटर से एटीएम काट लाखों की लूट, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
कोचस में बेखौफ अपराधियों का तांडव, रातों-रात एक्सिस बैंक एटीएम से उड़ा ले गए लाखों रुपये
गैस कटर से एटीएम काट लाखों की लूट, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
कोचस में बेखौफ अपराधियों का तांडव, रातों-रात एक्सिस बैंक एटीएम से उड़ा ले गए लाखों रुपये

जे टी न्यूज, कोचस(रोहतास)रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत अंतर्गत बक्सर रोड स्थित बस डिपो के सामने लगे एक्सिस बैंक के एटीएम को अज्ञात अपराधियों ने बीती रात निशाना बनाते हुए गैस कटर से काटकर लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है तथा स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार अपराधी देर रात बोलेरो वाहन से पहुंचे और सुनियोजित तरीके से एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने एटीएम की स्थिति देखी तो घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक संदिग्ध बोलेरो वाहन को बरामद कर लिया है। साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों एवं मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
हालांकि मामले में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया और जांच जारी रहने की बात कही। वहीं स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि थाना क्षेत्र में चोरी,लूट,हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। लोगों का आरोप है कि यदि रात्रि गश्ती व्यवस्था प्रभावी होती तो इतनी बड़ी घटना को अंजाम देना अपराधियों के लिए आसान नहीं होता। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्वर्ण व्यवसायियों में भी भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि जिस तरह अपराधियों ने मुख्य सड़क पर स्थित एटीएम को निशाना बनाया है, उससे यह स्पष्ट है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा उम्मीद जताई जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज और बरामद वाहन के आधार पर अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर कोचस क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




