सीएनजी ऑटो की ठोकर से वृद्ध की मौत, मुआवजे की मांग पर दो घंटे तक रोसड़ा–सिंघिया सड़क जाम
सीएनजी ऑटो की ठोकर से वृद्ध की मौत, मुआवजे की मांग पर दो घंटे तक रोसड़ा–सिंघिया सड़क जाम

जे टी न्यूज, समस्तीपुर/रोसड़ा:
रोसड़ा थाना क्षेत्र के ढरहा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीएनजी ऑटो की ठोकर से एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ढरहा गांव के वार्ड संख्या 14 निवासी भोगी कमती 70 वर्ष के रूप में की गई है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।घटना के विरोध में तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रोसड़ा–सिंघिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम रहने से करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिससे करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना में शामिल सीएनजी ऑटो की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।



