एक ही रात तीन घरों में चोरी, नकदी-मोबाइल समेत सामान ले उड़े चोर
एक ही रात तीन घरों में चोरी, नकदी-मोबाइल समेत सामान ले उड़े चोर

जे टी न्यूज, शंकरपुर (मधेपुरा):
शंकरपुर थाना क्षेत्र के बगबियानी पंचायत के वार्ड नंबर-07 में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए नकदी, मोबाइल फोन सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आरती कुमारी, पति अभिनंदन कुमार मेहता के घर से चोरों ने करीब 3,100 रुपये नकद चोरी कर लिए। वहीं रामू देवी, पति मंजेश मंडल के घर से एक कीमती मोबाइल फोन चुरा लिया गया। इसके अलावा बिहारी ऋषिदेव के घर में भी चोरों ने घुसकर विभिन्न सामानों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर सोनवर्षा पंचायत सरकार भवन के समीप एक सुनसान स्थान पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां चोरों ने चोरी किए गए सामान का आपस में बंटवारा किया। बंटवारे के बाद कुछ सामान वहीं छोड़कर सभी चोर फरार हो गए।

सुबह स्थानीय किसान रमेश कुमार यादव खेत की ओर काम करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पंचायत सरकार भवन के बाहर बिखरे लावारिस सामान पर पड़ी। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने शंकरपुर थाना पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।

