प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा में डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा में डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जे टी न्यूज, मधेपुरा:
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

समीक्षा में पाया गया कि जिले में 29,130 आवास स्वीकृत हैं। इनमें प्रथम किस्त भुगतान हेतु 826 लाभुकों का एफटीओ वेरीफिकेशन लंबित है, जबकि 494 लाभुकों का एनपीसीआई
बैंक खाता सत्यापन नहीं होने के कारण भुगतान लंबित है। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर एनपीसीआई
सत्यापन पूर्ण कराते हुए प्रथम किस्त का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं, 27,585 लाभुकों को प्रथम किस्त का भुगतान हो चुका है, लेकिन इनमें 6,121 लाभुकों ने अभी तक आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है और उनका प्रथम जियोटैगिंग नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने आवास कर्मियों की टीम गठित कर ऐसे लाभुकों का गहन अनुश्रवण करते हुए आवास निर्माण प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।

समीक्षा में यह भी पाया गया कि कुल स्वीकृत आवासों में से 18,078 आवास पूर्णता हेतु लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लाभुकों को राशि का भुगतान करने से लेकर आवास निर्माण पूर्ण होने तक प्रत्येक स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सभी पात्र लाभुकों को समयबद्ध रूप से पक्का आवास उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button