बेदा बनरसियां में डबल मर्डर से दहला इलाका, घर में सो रहे महिला-पुरुष को गोलियों से भूना
कृषि बीज की दुकान चलाता था मृतक; वारदात के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ जांच, एसपी मिस्टर राज ने संभाला मोर्चा
बेदा बनरसियां में डबल मर्डर से दहला इलाका, घर में सो रहे महिला-पुरुष को गोलियों से भूना
कृषि बीज की दुकान चलाता था मृतक; वारदात के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ जांच, एसपी मिस्टर राज ने संभाला मोर्चा

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)एन बाबा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेदा बनरसियां गांव में सोमवार को हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर में सो रहे एक महिला और पुरुष की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोलियों की वारदात की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान बेदा बनरसियां निवासी नन्हकी देवी और बेतिया निवासी मनी भूषण कुमार के रूप में बताई गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक,नन्हकी देवी के पति कृष्ण बिंद की मौत के बाद वह पिछले करीब तीन वर्षों से मनी भूषण कुमार के साथ रह रही थी। मनी भूषण कुमार बेदा बनरसियां में रहकर कृषि बीज की दुकान चलाता था।
*सोते रहे दोनों, बदमाशों ने बरसा दी गोलियां*
मृतका के पुत्र अभिषेक के अनुसार, उसके पिता की मृत्यु के बाद रिश्ते में चाचा लगने वाले मनी भूषण कुमार उसकी मां के साथ रह रहे थे। सोमवार को दोनों घर में सोए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर दोनों को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल,सासाराम भेज दिया। घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस टीम द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है।
*डबल मर्डर के बाद पुलिस का एक्शन मोड*
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी मिस्टर राज स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी वारदात की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों एवं जांच टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए एसपी ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने,आसपास के लोगों से पूछताछ करने तथा हत्या के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस संभावित आपसी विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एसपी मिस्टर राज ने बताया कि महिला और पुरुष की हत्या के मामले में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार,पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल बेदा बनरसियां में डबल मर्डर के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, हत्या की वजह और वारदात के पीछे छिपे चेहरे से पर्दा उठने की उम्मीद है।

