दरभंगा में एनडीए प्रत्याशी सर्वेश सिंह और डॉ. घनश्याम राय ने दाखिल किया नामांकन

आशीर्वाद सभा में जुटे एनडीए के नेता-कार्यकर्ता, संजय सरावगी ने कहा—एकजुट होकर मैदान में उतरें कार्यकर्ता

दरभंगा में एनडीए प्रत्याशी सर्वेश सिंह और डॉ. घनश्याम राय ने दाखिल किया नामांकन

आशीर्वाद सभा में जुटे एनडीए के नेता-कार्यकर्ता, संजय सरावगी ने कहा—एकजुट होकर मैदान में उतरें कार्यकर्ता

दरभंगा, 5 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सोमवार को दरभंगा में एनडीए समर्थित प्रत्याशी सर्वेश सिंह एवं डॉ. घनश्याम राय ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद आयोजित आशीर्वाद सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेता, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने एनडीए कार्यकर्ताओं से दोनों प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरें तो दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने महिला, युवा, किसान, गरीब, श्रमिक सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम किया है। उन्होंने ईडब्ल्यूएस आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लाखों परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षण संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों और सरकारी नौकरियों में अवसर मिला है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सुशासन से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न प्रखंडों में विद्यालयों के विकास, विद्यार्थियों के लिए नीट कोचिंग तथा डिग्री कॉलेजों के विस्तार की दिशा में काम किया जा रहा है।

संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए नए विश्वविद्यालयों की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने वित्त रहित शिक्षण संस्थानों, उच्च शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण से जुड़े सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत, गांव, प्रखंड और विधानसभा स्तर तक शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से संपर्क करने और एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और चुनाव में सरकार के विकास कार्यों के आधार पर मतदाताओं से समर्थन मांगा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान करते हुए दोनों प्रत्याशियों की जीत का विश्वास जताया।

Related Articles

Back to top button