कृषि गणना को लेकर समस्तीपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
जोत के आकार, भूमि उपयोग और आंकड़ों की शुद्धता पर दिया गया जोर
कृषि गणना को लेकर समस्तीपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
जोत के आकार, भूमि उपयोग और आंकड़ों की शुद्धता पर दिया गया जोर

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: जिला सांख्यिकी कार्यालय, समस्तीपुर के तत्वावधान में कृषि गणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नजारत उप समाहर्ता श्री रजनीश कुमार राय, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अशोक कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी तथा संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि गणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों, आंकड़ों के संकलन एवं प्रविष्टि तथा कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों के व्यवस्थित और सटीक संग्रहण के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को जानकारी देना था।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि गणना के महत्व और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को कृषि जोत, जोत के आकार, भूमि उपयोग तथा कृषि से संबंधित अन्य आवश्यक आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही, आंकड़ों की शुद्धता, विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रपत्रों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि कृषि गणना से प्राप्त आंकड़े कृषि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करने, कृषि संसाधनों के वितरण एवं उपयोग को समझने तथा कृषि विकास से संबंधित योजनाओं के निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके लिए गणना के प्रत्येक चरण में सावधानीपूर्वक आंकड़ों का संकलन, प्रविष्टि और सत्यापन आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों को कृषि गणना से जुड़े कार्य निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
