बेतिया में वामदलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला प्रतिरोध मार्च, 1 नवंबर को दिल्ली प्रदर्शन में चंपारण से बड़ी भागीदारी का आह्वान
बेतिया में वामदलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला प्रतिरोध मार्च, 1 नवंबर को दिल्ली प्रदर्शन में चंपारण से बड़ी भागीदारी का आह्वान
जे टी न्यूज,
बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले में लगातार हो रही बारिश के बावजूद भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वामदलों के संयुक्त तत्वावधान में सोवा बाबू चौक पर उनका पुतला दहन किया गया। इससे पहले माकपा कार्यालय से प्रतिरोध मार्च निकाला गया।
मार्च को संबोधित करते हुए माकपा के पश्चिम चंपारण जिला सचिव मंडल सदस्य प्रभुनाथ गुप्ता तथा भाकपा के जिला सचिव ओमप्रकाश क्रांति ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर मतदाता सूची से मनमाने ढंग से नाम हटाने और भाजपा को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। नेताओं ने ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब जन आंदोलन का रूप ले रहा है और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
नेताओं ने 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में चंपारण से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

प्रदर्शन में माकपा जिला सचिव मंडल सदस्य शंकर कुमार राव, रामा यादव, मोहम्मद हनीफ, मनोज कुशवाहा, सोना देवी, प्रेमचंद प्रसाद, मुकेश यादव, अशोक सिंह, सहोदरी देवी एवं शांति देवी तथा भाकपा के अशोक मिश्र, कृष्णनंदन सिंह, संजय सिंह और ध्रुव तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
