डीएम रोशन कुशवाहा ने किया ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का मासिक निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अग्निशमन उपकरणों की जांच की; निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन का दिया निर्देश
डीएम रोशन कुशवाहा ने किया ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का मासिक निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अग्निशमन उपकरणों की जांच की; निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन का दिया निर्देश 
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित मुख्य ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों और मशीनों के रखरखाव की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम परिसर में तैनात सुरक्षा बलों की उपस्थिति का सत्यापन किया तथा सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे रिकॉर्डिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, गोदाम में नमी से बचाव, तापमान नियंत्रण और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, गोदाम में अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवागमन से संबंधित लॉग बुक और मूवमेंट रजिस्टर की जांच की तथा सभी प्रविष्टियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता एवं वैधता की भी जांच की गई। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने निरीक्षण प्रतिवेदन निर्धारित समय पर भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पारदर्शिता एवं राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। उन्होंने गोदाम की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, गोदाम प्रभारी सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।



