यात्री सुविधा के नाम पर रेलवे की खानापूर्ति! टेंट लगाने से बेहतर नियमित ट्रेनों में बढ़ाएं बोगियां समस्तीपुर रेल मंडल की व्यवस्था पर उठे सवाल, विशेष ट्रेनों की घोषणा के बजाय नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग
यात्री सुविधा के नाम पर रेलवे की खानापूर्ति! टेंट लगाने से बेहतर नियमित ट्रेनों में बढ़ाएं बोगियां
समस्तीपुर रेल मंडल की व्यवस्था पर उठे सवाल, विशेष ट्रेनों की घोषणा के बजाय नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए टेंट लगाने की व्यवस्था की गई है। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि क्या वास्तव में इससे यात्रियों को पर्याप्त सुविधा मिल रही है या फिर यात्री सुविधा के नाम पर रेलवे अधिकारियों के लिए खर्च और भ्रष्टाचार की संभावनाएं बढ़ रही हैं?
त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में टेंट लगाना एक अस्थायी व्यवस्था हो सकती है, लेकिन यात्री सुविधा के नाम पर होने वाले खर्च की पारदर्शिता और उसकी उपयोगिता की जांच भी जरूरी है। आखिर टेंट लगाने पर कितना खर्च किया गया, इसकी गुणवत्ता और वास्तविक आवश्यकता का आकलन किस स्तर पर हुआ तथा खर्च की निगरानी कैसे की जा रही है? रेलवे प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। यात्री सुविधा के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग या भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
दूसरी ओर, समस्तीपुर रेल मंडल द्वारा त्योहारों के दौरान चार विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। विशेष ट्रेनों का संचालन निश्चित रूप से यात्रियों की भीड़ कम करने का एक प्रयास है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह व्यवस्था यात्रियों की वास्तविक परेशानी का स्थायी समाधान कर पाएगी?
अक्सर देखा जाता है कि विशेष ट्रेनें निर्धारित समय पर नहीं पहुंच पातीं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसके विपरीत नियमित ट्रेनों के समय और परिचालन की अपेक्षाकृत अधिक विश्वसनीयता के कारण यात्री उन्हीं पर निर्भर रहना पसंद करते हैं। ऐसे में बेहतर होता कि नई विशेष ट्रेनों की घोषणा और प्रचार-प्रसार पर जोर देने के बजाय पहले से संचालित नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां जोड़ी जातीं, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलती।
रेलवे प्रशासन को समझना होगा कि यात्रियों की सुविधा केवल टेंट लगाने, विशेष ट्रेनों की घोषणा करने या प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है। वास्तविक यात्री सुविधा का अर्थ है पर्याप्त सीटें, समय पर ट्रेन परिचालन, स्वच्छ स्टेशन, पेयजल, शौचालय और भीड़ का बेहतर प्रबंधन।
समस्तीपुर रेल मंडल को चाहिए कि वह यात्री सुविधाओं के नाम पर की जा रही व्यवस्थाओं की पारदर्शी समीक्षा करे और यह सुनिश्चित करे कि सरकारी धन का उपयोग वास्तव में यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने में हो। रेलवे की प्राथमिकता प्रचार नहीं, बल्कि यात्री सुविधा होनी चाहिए। त्योहारों में घर लौटने वाले आम यात्रियों को दिखावटी व्यवस्थाओं से अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और सुविधाजनक रेल यात्रा की आवश्यकता है।

